भारत
BJP MLA Controversial Statement: बीजेपी विधायक उषा ठाकुर ने कहा कि ऐसे लोगों को कड़ी सजा देनी चाहिए. ये लोग लव जिहाद कानून की सरेआम उल्लंघन कर रहे हैं.
मध्य प्रदेश में बीजेपी नेताओं के विवादित और भड़काऊ भाषण थम नहीं रहे हैं. मंत्री विजय शाह के बाद अब बीजेपी विधायक उषा ठाकुर का बयान सुर्खियां बटोर रहा है. उन्होंने लव जिहाद में लिप्त अपराधियों को 'शरिया' कानून के तहत सजा देने का मांग की. उषा ठाकुर ने कहा कि ऐसे लोगों के आंखें फोड़ देनी चाहिए और हाथ काट देने चाहिए.
उषा ठाकुर ने पीटीआई वीडियो से बात करते हुए कहा कि मुस्लिम पुरुष अन्य धर्मों की महिलाओं को प्यार के जाल में फंसाकर उनका धर्मपरिवर्तन कराते हैं. वो कहते हैं कि यह पुण्य का काम है.
पूर्व संस्कृति मंत्री ने कहा कि ऐसे लोगों को कड़ी सजा देनी चाहिए. ये लोग लव जिहाद कानून की सरेआम उल्लंघन कर रहे हैं. मुझे लगता है कि शरीयत में जीवन बिगाड़ने वाले अपराधियों के लिए आंख फोड़ देने और हाथ काट देने की सजा है. इसलिए 'लव जिहाद' करने वालों को भी ऐसी सजा मिलनी चाहिए.
'हालत ऐसी कर दें, सड़क पर भीख मांगें'
उन्होंने कहा कि लव जिहाद के खिलाफ केंद्र और राज्य सरकार ने सख्त कानून बना रखा है. अगर ऐसे लोग पुलिस की गिरफ्तर में आते हैं तो वो छूटने नहीं चाहिए. उनका घर, संपत्ति सब छीन लेनी चाहिए. उनकी हालत सड़क पर भीख मांगने वाली कर दी जाए. तभी वे इस प्रकार की गलत हरकतों से बाज आएंगे.
हालांकि, यह पहली बार नहीं है, जब उषा ठाकुर ने इस तरह का कोई विवादित बयान दिया हो. इससे पहले उन्होंने कहा था कि लोग वोट देते समय अपनी ईमानदारी न खोएं. जो पैसा, साड़ी और गिलास के लिए वोट देगें, वह अगले जन्म में ऊंट, भेड़, बकरी, कुत्ता और बिल्ली जैसे जानवर बनेंगे. यह लिख लें. मेरी भगवान से सीधी बात होती है.
विजय शाह के बयान का भी किया था बचाव
उषा ठाकुर भारतीय सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित टिप्पणी करने वाले मंत्री विजय शाह के भी समर्थन में उतरी थीं. उन्होंने कहा था, 'कभी-कभी जुबां फिसल जाती है. इस बात को हमें गंभीरता से विचार करके समझना होगा.'
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.