भारत
Bihar: बिहार के जाने-माने व्यापारी गोपाल खेमका की शुक्रवार की रात सेरआम हत्या कर दी गई. बाइक सवार आरोपियों ने उन्हें घेरकर पटना के गांधी मैदान इलाके में गोली मार दी.
Bihar: बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार देर रात बड़े उद्योगपति गोपाल खेमका की सरेआम हत्या कर दी गई. बाइकसवार अपराधियों ने व्यापारी गोपाल खेमका को पटना के गांधी मैदान थाना इलाके में गोली मार दी. गोपाल खेमका पटना के जाने-माने व्यवसायी थे और कभी यहां के टॉप अस्पताल रहे मगध हॉस्पिटल के मालिक भी थे. यह खौफनाक घटना गांधी मैदान थाना क्षेत्र के रामगुलाम चौक के पास स्थित होटल पनाश के समीप हुई. मौके पर पुलिस पहुंची है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.
11 बजे के आसपास की घटना
गोपाल खेमका वैचारिक तौर पर भारतीय जनता पार्टी से जुड़े भी थे. गोपाल खेमका रोजाना की तरह अपनी कार से पटना क्लब से वापस घर जा रहे थे. जैसे ही होटल पनाश के पास स्थित अपार्टमेंट के गेट पर उतरे, तभी घात लगाए अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी. यह घटना रात करीब साढ़े 11 बजे के आसपास की हैं. घटना के बाद परिजनों ने घायल अवस्था में उन्हें पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने गोपाल खेमका को मृत घोषित कर दिया.
6 साल पहले बेटे की हुई थी हत्या
आज से 6 साल पहले गोपाल खेमका के बेटे गुंजन खेमका की हत्या भी वैशाली के औद्योगिक थाना इलाके में अपराधियों ने गोली मारकर कर दी थी, इस घटना के बाद भी काफी वबाल हुआ था. स्थानीय लोगों ने बताया कि गोपाल खेमका की हत्या वाली जगह पर कई खोके पड़े हुए थे जिन्हें पुलिस ने बांस-बल्ले की सहायता घेर रखा था.हाई प्रोफाइल घटना होने के बाद पटना के उद्योगपतियों और व्यवसायियों की भीड़ धीरे-धीरे जुटती गई। अस्पताल के बाद शव को घर लाया गया, लेकिन देर रात होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.