भारत
Bihar Election: बिहार सरकार ने विकास मित्रों और शिक्षा सेवकों के लिए टैबलेट और स्मार्टफोन खरीदने हेतु वित्तीय सहायता का ऐलान किया. इसके साथ ही भत्ते और अन्य सुविधाओं में भी वृद्धि की गई है.
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को देखते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विकास मित्रों और शिक्षा सेवकों के लिए कई अहम घोषणाएं की हैं. सरकार ने टैबलेट और स्मार्टफोन खरीदने के लिए वित्तीय मदद देने का ऐलान किया है. इसके साथ ही परिवहन और स्टेशनरी भत्ते भी बढ़ाए गए हैं. इसका उद्देश्य विकास मित्रों और शिक्षा सेवकों के कार्यकुशलता और मनोबल को बढ़ाना है, ताकि वे राज्य की कल्याणकारी योजनाओं को सही ढंग से लागू कर सकें.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार महादलित विकास मिशन के तहत काम करने वाले प्रत्येक विकास मित्र को टैबलेट खरीदने के लिए 25 हजार रुपये देने का ऐलान किया है. इसका मकसद यह है कि वे कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों का डेटा संग्रहण और अन्य कार्यों को सहजता से पूरा कर सकें. इसके अलावा विकास मित्रों का परिवहन भत्ता 1900 रुपये से बढ़ाकर 2500 रुपये प्रतिमाह और स्टेशनरी भत्ता 900 रुपये से 1500 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है.
मुख्यमंत्री ने अपने X हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि "विकास मित्र न्याय और विकास के सिद्धांत पर चलते हुए समाज के वंचित वर्गों तक योजनाओं को पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं. उन्होंने कहा कि महादलित, दलित, अल्पसंख्यक और अति पिछड़ा वर्ग के बच्चों तक शिक्षा का लाभ पहुंचाने और महिलाओं को साक्षर बनाने में भी विकास मित्रों का योगदान महत्वपूर्ण है."
न्याय के साथ विकास के सिद्धांत पर चलते हुए समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए हमारी सरकार लगातार काम कर रही है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग तक सरकार की विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में विकास मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसे ध्यान में रखते…
— Nitish Kumar (@NitishKumar) September 21, 2025
शिक्षा सेवकों के लिए भी सरकार ने बड़ी घोषणा की है. डिजिटल गतिविधियों के लिए स्मार्टफोन खरीदने हेतु प्रत्येक सेवक को 10-10 हजार रुपये दिए जाएंगे. शिक्षण से जुड़ी सामग्री के लिए दी जाने वाली राशि को 3405 रुपये से बढ़ाकर 6 हजार रुपये प्रतिवर्ष कर दिया गया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे विकास मित्र और शिक्षा सेवक और अधिक उत्साह और लगन से अपने कार्यों को पूरा करेंगे, जिससे राज्य की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक लोगों तक पहुंचेगा.
यह भी पढ़ें: PM मोदी आज 5 बजे करेंगे देश को संबोधित, कर सकते हैं कुछ बड़ा ऐलान
आपको बता दें, मुख्यमंत्री ने इससे पहले महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं को कारोबार शुरू करने के लिए 10 हजार रुपये, स्वयं सहायता भत्ता योजना का विस्तार, 1 करोड़ नई नौकरियों का लक्ष्य, शिक्षक भर्ती और स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड के तहत एजुकेशन लोन का विस्तार, 125 यूनिट फ्री बिजली और वृद्धावस्था पेंशन बढ़ाने जैसी घोषणाएं भी की हैं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.