Advertisement

इस साल 33 लाख दीपों से जगमगाएगी रामनगरी, भव्य होगा अयोध्या का 10वां दीपोत्सव- तैयारियां हुईं तेज

Ayodhya Deepotsav: दीपों को जलाने के लिए करीब 65 लाख बातियों और 55 हजार लीटर तेल की व्यवस्था की जा रही है. इसके अलावा दीप प्रज्वलन से जुड़ी अन्य जरूरी सामग्री की खरीद और व्यवस्था भी की जा रही है.

इस साल 33 लाख दीपों से जगमगाएगी रामनगरी, भव्य होगा अयोध्या का 10वां दीपोत्सव- तैयारियां हुईं तेज

 रामनगरी में 10वें दीपोत्सव का आयोजन 5 से 7 नवंबर के बीच किया जाएगा. (फाइल फोटो)

Add DNA as a Preferred Source

Ayodhya Deepotsav: अयोध्या में इस साल दीपोत्सव पहले से ज्यादा भव्य और आकर्षक नजर आने वाला है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में रामनगरी में 10वें दीपोत्सव का आयोजन 5 से 7 नवंबर के बीच किया जाएगा. इस दौरान राम की पैड़ी समेत करीब 2 किलोमीटर के क्षेत्र में 33 लाख मिट्टी के दीपक जलाए जाएंगे. दीपों की रोशनी से सरयू तट और अयोध्या के प्रमुख मंदिरों की भव्यता देखते ही बनेगी. आयोजन को लेकर प्रशासन और संबंधित विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं. दीपों को जलाने के लिए करीब 65 लाख बातियों और 55 हजार लीटर तेल की व्यवस्था की जा रही है. इसके अलावा दीप प्रज्वलन से जुड़ी अन्य जरूरी सामग्री की खरीद और व्यवस्था भी की जा रही है.

राम की पैड़ी से सरयू तट तक दिखेगा रोशनी का नजारा

इस बार भी 'श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद' की ओर से दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. राम की पैड़ी पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए विशेष स्टेज तैयार किया जाएगा. यहां होने वाले कार्यक्रम दीपोत्सव के धार्मिक और सांस्कृतिक रंग को और खास बनाएंगे. राम की पैड़ी से लेकर सरयू के विभिन्न घाटों तक दीपों की कतारें सजाई जाएंगी. इसके साथ ही अयोध्या के प्रमुख मंदिरों को एलईडी लाइटों से सजाने की तैयारी भी चल रही है. मंदिरों, घाटों और प्रमुख मार्गों पर रोशनी की विशेष व्यवस्था की जाएगी, जिससे पूरी रामनगरी उत्सव के रंग में नजर आएगी.

deepotsav

34 हजार वालंटियर संभालेंगे जिम्मेदारी

इतने बड़े स्तर पर होने वाले दीपोत्सव को सफल बनाने में इस बार करीब 34 हजार वालंटियर अहम भूमिका निभाएंगे. इन स्वयंसेवकों की जिम्मेदारी दीप प्रज्वलन के साथ-साथ आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने की भी होगी. दीपोत्सव में बड़ी संख्या में छात्रों को भी जोड़ा जा रहा है. करीब 34 हजार छात्रों के खान-पान की व्यवस्था की जा रही है. प्रशासन की कोशिश है कि युवा इस ऐतिहासिक आयोजन से सीधे जुड़ें और अयोध्या की सांस्कृतिक परंपरा को करीब से समझें.

पांच टेंडर जारी, स्टेज और सजावट पर भी जोर

दीपोत्सव की तैयारियों के लिए अब तक पांच टेंडर जारी किए जा चुके हैं. इनमें दीपों और उनसे जुड़ी सामग्री, स्टेज निर्माण, सजावट और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़े काम शामिल हैं. दीप प्रज्वलन के लिए टी-शर्ट, मोमबत्ती और करीब 150 किलो कपूर समेत जरूरी सामान की व्यवस्था की जा रही है. टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद सामग्री की आपूर्ति शुरू होने की उम्मीद है. अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद के सीईओ जयेंद्र कुमार के मुताबिक, वालंटियरों के प्रशिक्षण और छात्रों के भोजन की व्यवस्था को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है.

सुरक्षा और यातायात पर भी रहेगा फोकस

दीपोत्सव में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है. इसे देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. हर साल की तरह इस बार भी दीपोत्सव केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अयोध्या की सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन को भी नई ऊंचाई देने का माध्यम बनेगा. नवंबर में जब 33 लाख दीप एक साथ रोशन होंगे, तो रामनगरी का यह नजारा देश-दुनिया के लिए आकर्षण का केंद्र बनने की तैयारी में है. 

Advertisement
Advertisement

Advertisement