Advertisement

कैसे पलटी थी अतीक अहमद के बेटे आबान की कार? एक हफ्ते बाद सामने आया हादसे का वीडियो

माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे आबान अहमद के कार हादसे का खौफनाक वीडियो सामने आया है. हादसे में आबान और उसके दोस्त की मौत हो गई थी.

Latest News
कैसे पलटी थी अतीक अहमद के बेटे आबान की कार? एक हफ्ते बाद सामने आया हादसे का वीडियो

कार हादसे में हुई थी आबान अहमद की मौत

Add DNA as a Preferred Source

सड़क पर तेजी से भागती एक कार, अचानक जोर का धमाका, कार डिवाइडर से टकराती है और देखते ही देखते हवा में गोल-गोल घूमते हुए सड़क पर जा गिरती है. सड़क हादसे का यह खौफनाक मंजर जिसने भी देखा, उसकी रूह कांप गई. दावा किया जा रहा है कि यह डरावना वीडियो उसी कार का है, जिसमें माफिया अतीक अहमद का छोटा बेटा आबान अहमद सवार था.

यह भीषण हादसा 6 अगस्त को प्रयागराज से झांसी जाते वक्त हुआ था. घटना के करीब छह दिन बाद अब इस एक्सीडेंट का लाइव वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि हाईवे पर गाड़ियों की आवाजाही एकदम सामान्य थी. जिस गाड़ी के डैशबोर्ड कैमरे में यह पूरी घटना रिकॉर्ड हुई, उसके ठीक आगे आबान की तेज रफ्तार कार दौड़ रही थी.

कुछ ही सेकंड में थम गईं सांसें

अचानक कार का संतुलन बिगड़ा, वह पटरी से नीचे उतरी और सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. गाड़ी हवा में कई फीट ऊंची उछली और सड़क पर पलट गई. यह सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि कार में सवार लोगों को संभलने का मौका भी नहीं मिला.  

 

भाई से मिलने जा रहा था आबान

दरअसल, 6 अगस्त को झांसी के पूंछ थाना इलाके में यह दर्दनाक हादसा हुआ था. आबान अहमद अपने भाई अली अहमद से मिलने झांसी जेल जा रहा था. अली को पहले प्रयागराज की नैनी जेल में रखा गया था, लेकिन बाद में उसे झांसी शिफ्ट कर दिया गया था. आबान के साथ कार में उसके दोस्त भी सवार थे.

इस भीषण टक्कर में आबान अहमद और उसके दोस्त सोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गाड़ी में मौजूद तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के वक्त पीछे चल रही गाड़ी के कैमरे में यह भयावह मंजर कैद हो गया था, जो अब पुलिस जांच का हिस्सा है. पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर कार की रफ्तार और हादसे की असल वजहों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है.

अतीक अहमद के परिवार में मचा कोहराम

छोटे भाई की मौत की खबर सुनते ही अतीक अहमद के परिवार में कोहराम मच गया. आबान के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए लखनऊ जेल में बंद उसके बड़े भाई उमर और झांसी जेल में बंद अली अहमद ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में पैरोल की अर्जी लगाई थी. अदालत ने सख्त शर्तों के साथ दोनों को छोटे भाई के जनाजे में शामिल होने की इजाजत दे दी.

शर्त के मुताबिक, दोनों को कड़ी पुलिस सुरक्षा में सीधे कब्रिस्तान लाया गया और मीडिया से बात करने पर सख्त पाबंदी थी. आबान को उसके पिता अतीक अहमद की कब्र के पास ही सुपुर्द-ए-खाक किया गया. 

ये भी पढ़ें- एचडी देवगौड़ा के पोते, पूर्व सांसद... उम्रकैद की सजा काट रहे प्रज्जवल रेवन्ना कौन, जिनके पास जेल में मिला फोन?

 

Read More
Advertisement
Advertisement
Advertisement