भारत
मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसमें धार्मिक आयोजन के दौरान शादी से जुड़ी समस्या साझा करना एक युवक की जान का कारण बन गया. इंद्रकुमार तिवारी नामक युवक ने हाल ही में प्रसिद्ध भागवताचार्य अनुरुधाचार्य की कथा के दौरान मंच से अपनी शादी से संबंधित समस्या जाहिर की थी. उसका ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे कुछ ठगों ने उसे अपना शिकार बना डाला.

वायरल वीडियो देखकर ठगों ने इंद्रकुमार से संपर्क साधा और शादी का झांसा देकर उसे उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के हाटा थाना क्षेत्र में बुला लिया. शादी करवाने का भरोसा दिलाकर ठगों ने उसे गोरखपुर बुलाया, जहां से उसे एक साजिश के तहत अगवा कर लिया गया.
युवक को अगवा कर ठगों ने पहले उसे बंधक बनाया और फिर परिजनों को वीडियो कॉल करवा कर विश्वास दिलाया कि वह सुरक्षित है. लेकिन इसके कुछ ही समय बाद इंद्रकुमार की बेरहमी से हत्या कर दी गई. जबलपुर से पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की, जिससे ये दिल दहला देने वाली घटना सामने आई.
इंद्रकुमार की गुमशुदगी की रिपोर्ट मझौली थाने में पहले ही दर्ज कराई जा चुकी थी. पुलिस जांच में उसके मोबाइल की लोकेशन गोरखपुर की मिली थी. इसके बाद 11 जून को एक व्यक्ति ने इंद्रकुमार के घर आकर जमीन से जुड़े कागजात मांगे, जिससे पुलिस को शक हुआ और मामले की तह तक पहुंचने पर हत्या का खुलासा हुआ.
एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी व्यक्तिगत जानकारी को साझा करते समय सतर्क रहें और अनजान लोगों से मिलने-जुलने से पहले पूरी जांच-पड़ताल करें.
अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.