भारत
Maharashtra Political Crisis: उद्धव ठाकरे की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. विधायकों के बाद अब कई सांसदों के भी बागी होने की खबर आ रही है.
डीएनए हिंदीः महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. एक-एक कर पार्टी के कई विधायक बागी होते जा रहे हैं. एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ने दो तिहाई से अधिक विधायकों के समर्थन का दावा किया है. अब पार्टी के सांसदों के भी बागी होने की खबरें सामने आ रही हैं. सूत्रों के मुताबिक शिवसेना विधायकों के बाद अब शिवसेना के सांसदों का समर्थन भी एकनाथ शिंदे को मिल रहा है. वासिम की सांसद भावना गावित, पालघर सांसद राजेंद्र गावित, ठाणे सांसद राजन विचारे, कल्याण सांसद श्रीकांत शिंदे, और रामटेक सांसद कृपाल तुमाने ने अपना समर्थन एकनाथ शिंदे को दिया है. सांसद राजन विचारे तो 3 दिन से गुवाहाटी में ही मौजूद है. माना जा रहा है कि ये आंकड़ा 17 सांसदों तक जा सकता है. बता दें कि लोकसभा में शिवसेना के 19 और राज्यसभा में 5 सांसद हैं.
चार विधायक पहुंचे गुवाहाटी
बुधवार रात चार विधायक गुवाहाटी में मौजूद रेडीसन ब्लू (Radisson Blu) होटल पहुंचे. एकनाथ शिंदे 35 से अधिक विधायकों के साथ यहीं मौजूद हैं. जानकारी के मुताबिक, ये चार विधायक महाराष्ट्र BJP अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील के साथ सूरत से गुवाहाटी के लिए रवाना हुए थे. गुवाहाटी पहुंचे शिवसेना के विधायकों में गुलाबराव पाटील और योगेश कदम भी शामिल हैं. बाकी दो विधायक (मंजुला गावित और चंद्रकांत पाटिल) निर्दलीय हैं.
ये भी पढ़ेंः उद्धव ठाकरे की अपील बेअसर, शिवसेना के 4 और बागी विधायक पहुंचे गुवाहाटी
दो और विधायक हो सकते हैं बागी
सूत्रों के मुताबिक दो और विधायक उद्धव ठाकरे का साथ छोड़ सकते हैं. कुर्ला के विधायक मंगेश कुदालकर और दादर के विधायक सदा सरवानकर भी शिंदे कैंप में पहुंच सकते हैं. बताया जाता है कि मुंबई में भी शिंदे के समर्थक तीन शिवसेना विधायक मौजूद हैं. अगर दावे के मुताबिक ये विधायक शिंदे खेमे को ज्वाइन कर लेते हैं तो शिंदे के साथ शिवसेना के विधायकों की संख्या 36 तक पहुंच जाएगी जबकि अन्य 12 विधायक भी शिंदे के साथ बताए जाते हैं.
ये भी पढ़ेंः मुख्यमंत्री पद नहीं, शिवसेना भी नहीं बचा पाएंगे उद्धव ठाकरे, एकनाथ शिंदे का पार्टी पर कब्जा!
बीजेपी कर सकती है सरकार बनाने का दावा
महाराष्ट्र में बीजेपी आज राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश कर सकती है. देवेद्र फडणवीस के नेतृत्व में बीजेपी राज्यपाल को विधायकों की लिस्ट दे सकती है. साथ ही पार्टी अपने विधायकों के साथ बैठक भी कर सकती है. बीजेपी अपने 106 विधायकों और दूसरे निर्दलीय विधायकों का समर्थन एकजुट रखने की तैयारी में है.
देश-दुनिया की ताज़ा खबरों पर अलग नज़रिया, फ़ॉलो करें डीएनए हिंदी गूगल, फ़ेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम पर