भारत
नासा ने बताया है कि जून 2026 में अनिल मेनन अपने पहले अंतरिक्ष मिशन पर अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) जाएंगे, जहां वे फ्लाइट इंजीनियर और एक्सपीडिशन 75 के क्रू सदस्य के रूप में शामिल होंगे.
भारतीय मूल के अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री डॉ. अनिल मेनन जून 2026 में अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर अपनी पहली अंतरिक्ष यात्रा पर जाएंगे. उन्हें नासा ने एक्सपीडिशन 75 मिशन के तहत फ्लाइट इंजीनियर के रूप में चुना है.
नासा ने साफ की है कि अनिल मेनन रूस की रोस्कोस्मोस एजेंसी के सोयुज एमएस-29 अंतरिक्ष यान से लॉन्च होंगे. इस मिशन में उनके साथ रूसी अंतरिक्ष यात्री प्योत्र डबरोव और अन्ना किकिना भी शामिल होंगी. यह टीम कजाकिस्तान के बैकोनूर कॉस्मोड्रोम से रवाना होगी और अंतरिक्ष स्टेशन में लगभग आठ महीने बिताएगी.
नासा के आर्टेमिस अंतरिक्ष यात्री कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षित अनिल मेनन अंतरिक्ष में वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी प्रयोगों पर कार्य करेंगे. ये प्रयोग भविष्य के मानव मिशनों की तैयारी के लिए अहम माने जा रहे हैं.
एक दिलचस्प बात ये भी है कि अनिल की पत्नी अन्ना मेनन भी अंतरिक्ष से जुड़ी दुनिया में काफी एक्टिव हैं. उन्होंने 2024 में एक निजी स्पेसवॉक मिशन में भाग लिया था. अन्ना स्पेसएक्स में प्रमुख अंतरिक्ष संचालन इंजीनियर हैं और बच्चों के लिए "Kisses from Space" नाम की एक किताब भी लिख चुकी हैं.
अनिल मेनन ने भी स्पेसएक्स के लिए क्य किया है. वे नासा के स्पेसएक्स डेमो-2 मिशन में फ्लाइट सर्जन के तौर पर शामिल रहे और कंपनी के लिए मेडिकल सपोर्ट सिस्टम विकसित किया. उन्होंने नासा और स्पेसएक्स दोनों के लिए क्रू फ्लाइट सर्जन की भूमिका निभाई.
मिनियापोलिस में जन्मे अनिल एक ट्रेंड मैकेनिकल इंजीनियर, आपातकालीन चिकित्सा चिकित्सक और स्पेस फोर्स में कर्नल हैं. उन्होंने हार्वर्ड से न्यूरोबायोलॉजी में स्नातक, स्टैनफोर्ड से मेडिकल डिग्री और मैकेनिकल इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री हासिल की है.
आज भी वे टेक्सास मेडिकल सेंटर में आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं देते हैं और यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास में रेजिडेंसी प्रोग्राम के छात्रों को प्रशिक्षित करते हैं. अनिल मेनन की यह यात्रा न केवल उनके लिए बल्कि विज्ञान, तकनीक और भारतवंशी समुदाय के लिए एक प्रेरणास्रोत साबित होगी.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.