Advertisement

साइबर अपराधियों पर कसेगा शिकंजा, अमेठी में तैयार हो रहा हाईटेक थाना

अमेठी में 3.69 करोड़ रुपये की लागत वाले भवन में साइबर लैब, डिजिटल फोरेंसिक कक्ष, शिकायत सहायता केंद्र, सर्वर रूम और मालखाने जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी.

साइबर अपराधियों पर कसेगा शिकंजा, अमेठी में तैयार हो रहा हाईटेक थाना

अमेठी में एक ही छत के नीचे साइबर जांच की पूरी सुविधा मिलेगी

Add DNA as a Preferred Source

डिजिटल अपराधों की बढ़ती चुनौती के बीच अमेठी में अब पुलिस को जांच के लिए आधुनिक सुविधाएं मिलने जा रही हैं. गौरीगंज थाना क्षेत्र के सैंठा रोड स्थित बाहापुर ग्राम पंचायत में साइबर क्राइम थाने के प्रशासनिक भवन का निर्माण तेजी से चल रहा है. करीब 3.69 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस भवन का 90 प्रतिशत से ज्यादा काम पूरा हो चुका है.

अधिकारियों के मुताबिक, बाकी काम भी तेजी से कराया जा रहा है और दीपावली तक भवन तैयार होने की उम्मीद है. ये भवन 0.285 हेक्टेयर जमीन पर बनाया जा रहा है. 

एक ही जगह पर मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

गृह एवं गोपनीय विभाग से मिलने वाली धनराशि से इस परियोजना का निर्माण उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद की अयोध्या निर्माण इकाई करा रही है. भवन तैयार होने के बाद साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों की जांच, डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल और मामलों की विवेचना के लिए पुलिस को एक ही जगह पर आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी.

साइबर लैब में मोबाइल और कंप्यूटर की होगी जांच

नए साइबर क्राइम थाने की सबसे खास सुविधाओं में साइबर लैब और डिजिटल फोरेंसिक कक्ष शामिल हैं. यहां साइबर ठगी या दूसरे ऑनलाइन अपराधों में इस्तेमाल होने वाले मोबाइल, कंप्यूटर, हार्ड डिस्क और अन्य डिजिटल उपकरणों की तकनीकी जांच की जा सकेगी.

डिलीट किए गए डेटा को रिकवर करने, डिजिटल साक्ष्यों की जांच करने और ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े मामलों की पड़ताल में भी यह लैब काफी मददगार होगी. इससे विवेचकों और साइबर विशेषज्ञों को जांच के दौरान जरूरी तकनीकी सुविधाएं एक ही परिसर में मिल सकेंगी.

पीड़ितों के लिए अलग सहायता कक्ष

साइबर ठगी का शिकार होने वाले लोगों की शिकायत दर्ज कराने और उन्हें जरूरी मदद देने के लिए विशेष सहायता कक्ष बनाया जा रहा है. यहां पीड़ितों को शिकायत दर्ज कराने के साथ ही आगे की प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाएगी.

ये कक्ष नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल और 1930 हेल्पलाइन से समन्वय में भी मदद करेगा. साइबर ठगी के मामलों में समय पर शिकायत दर्ज होना बेहद जरूरी होता है, ताकि बैंक या संबंधित डिजिटल प्लेटफॉर्म से संपर्क कर आगे की कार्रवाई की जा सके.

अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए अलग कक्ष

भवन में थाना प्रभारी, विवेचकों और साइबर विशेषज्ञों के लिए अलग-अलग कार्यालय बनाए जा रहे हैं. इसके अलावा बैठकों और जरूरी चर्चा के लिए सम्मेलन कक्ष भी होगा. इससे साइबर अपराध से जुड़े मामलों की जांच और अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल में मदद मिलेगी.

साइबर अपराध से जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने के लिए सर्वर और डेटा रूम भी बनाया जा रहा है. वहीं संदिग्ध आरोपितों से पूछताछ के लिए निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था से लैस पूछताछ कक्ष होगा.

लॉकअप और रिकॉर्ड रूम की भी सुविधा

नए भवन में आरोपितों को रखने के लिए लॉकअप और जब्त किए गए मोबाइल, लैपटॉप, सिम कार्ड, हार्ड डिस्क समेत अन्य डिजिटल उपकरणों को सुरक्षित रखने के लिए मालखाना और रिकॉर्ड रूम भी बनाया जा रहा है. पुलिस वाहनों और आने वाले लोगों के लिए पार्किंग की व्यवस्था भी होगी. कर्मचारियों के लिए विश्राम कक्ष समेत अन्य जरूरी सुविधाएं भी परिसर में उपलब्ध कराई जाएंगी.

निर्माण इकाई के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार के मुताबिक, भवन का 90 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है और बाकी काम तेजी से कराया जा रहा है. जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने भी बताया कि परियोजना अब अंतिम चरण में है. उम्मीद है कि दीपावली तक भवन तैयार हो जाएगा.

भवन शुरू होने के बाद अमेठी में साइबर अपराध की शिकायत से लेकर डिजिटल साक्ष्यों की जांच और मामलों की विवेचना तक की प्रक्रिया को आधुनिक तकनीक का सहारा मिलेगा. इससे साइबर अपराध के मामलों की जांच पहले के मुकाबले ज्यादा तेज और प्रभावी होने की उम्मीद है. 

ये भी पढ़ें- जब साइकिल का हैंडल बना स्टडी टेबल, बीमारी को मात देकर नोबेल पुरस्कार तक पहुंचे वैज्ञानिक

 

Advertisement
Advertisement

Advertisement