भारत
राजस्थान के अलवर जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 9 वर्षीय बच्चे की गवाही ने पूरे हत्याकांड की परतें खोल दीं. ये सनसनीखेज घटना 7 जून को खेरली थाना क्षेत्र में हुई, जहां वीरू जाटव नामक व्यक्ति की हत्या कर दी गई.
राजस्थान के अलवर जिले के खेरली इलाके में एक दिल दहला देने वाला मर्डर केस सामने आया है, जो बिल्कुल राजा रघुवंशी और सोनम केस की याद दिलाता है. फर्क बस इतना है कि इस बार 9 साल के मासूम बेटे की गवाही ने पूरी साजिश की परतें खोल दीं.
7 जून की रात हुआ था खौफनाक कांड
7 जून 2025 की रात वीरू ऊर्फ मान सिंह जाटव अपने घर में मृत पाए गए. पहले बताया गया कि मौत बीमारी से हुई, लेकिन शरीर पर चोटों के निशान और टूटे दांतों ने शक को जन्म दिया. पुलिस ने जब जांच शुरू की तो करीब 100 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद इस हत्या की सच्चाई सामने आई.
बेटे की गवाही ने उड़ा दिए सबके होश
इस केस में मृतक के 9 साल के बेटे ने जो बयान दिया, उसने पुलिस को चौंका दिया. उसने बताया कि उसकी मां अनीता ने ही अपने प्रेमी काशीराम प्रजापत और चार भाड़े के हत्यारों की मदद से उसके पिता की जान ली. बच्चा पूरी वारदात का चश्मदीद था, लेकिन डर के मारे चुप रहा और सोने का नाटक करता रहा.
गवाही में किया आंखों देखा हाल बयां
मीडिया के अनुसार, बच्चे ने बयान में कहा, "रात में मां ने दरवाजा खोला. बाहर काशी अंकल खड़े थे और उनके साथ चार लोग थे. मैं उठा नहीं, लेकिन सब देख रहा था. वे लोग पापा के कमरे में गए. मां बिस्तर के सामने खड़ी थीं. काशी अंकल ने तकिया मुंह पर रख लिया और चारों ने पापा को पीटा, उनके पैर मरोड़े और गला दबाया. फिर काशी अंकल ने मुझे धमकाया और चुप करा दिया. थोड़ी देर में पापा मर गए और सब चले गए.
मासूम बेटे के सामने ही हुआ पिता का कत्ल
बेटे की आंखों के सामने उसके पिता की जान ले ली गई और वह कुछ भी नहीं कर सका. उसी की मासूमियत ने मां की दरिंदगी को बेनकाब कर दिया.
कैसे शुरू हुआ अनीता और काशी का रिश्ता?
पुलिस के अनुसार, अनीता खेरली में एक छोटी सी जनरल स्टोर चलाती थी, वहीं काशीराम कचौड़ी बेचने वाला स्ट्रीट वेंडर था. दोनों में बातचीत शुरू हुई और फिर नजदीकियां बढ़ती गईं. कथित तौर पर दोनों ने साथ रहने की प्लानिंग बनाई और पति को रास्ते से हटाने के लिए 2 लाख रुपये में चार कॉन्ट्रैक्ट किलर हायर किए.
पुलिस ने हत्या के आरोपियों किया गिरफ्तार
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर अनीता और काशीराम को गिरफ्तार कर लिया है. घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है और यह सवाल खड़ा कर दिया है कि एक मां अपने ही बेटे के सामने पति की जान कैसे ले सकती है. यह मामला न केवल एक हत्याकांड है, बल्कि रिश्तों की क्रूरता और नैतिक पतन की खौफनाक तस्वीर भी है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.