भारत
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बताया कि ऑपरेशन महादेव में सुरक्षाबल ने पहलगाम हमले में शामिल तीनों आतंकियों को मार गिराया है.
गृहमंत्री अमित शाह 29 जुलाई को ऑपरेशन सिंदूर को लेकर लोकसभा को संबोधित कर रहे हैं. अमित शाह ने सदन को बताया कि 28 जुलाई को सुरक्षाबल द्वारा चलाए गए ऑपरेशन महादेव में तीन आतंकियों को मार गिराया गया है. ये तीनों आतंकी 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शामिल थे.
अमित शाह ने कहा, 'पहलगाम आतंकी हमले में धर्म पूछ कर निर्दोष नागरिकों को उनके परिवार के सामने बेरहमी से मार डाला गया. अत्यंत क्रूरता के साथ उनकी हत्या की गई. मैं उनके लिए हृदय से संवेदना व्यक्त करता हूं.'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान पाकिस्तान ने हमारी सीमा में गोले दागे. जिसमे नागरिक शहीद हुए, कुछ गुरुद्वारे और मंदिर भी क्षतिग्रस्त हुए हैं. मैं उन सभी के लिए हृदय से संवेदना व्यक्त करता हूं. कल सेना, CRPF और J&K पुलिस के संयुक्त 'ऑपरेशन महादेव' में पहलगाम हमले के तीनों आतंकी सुलेमान उर्फ फैजल जट, हमजा अफगानी और जिब्रान को मार गिराया गया.'
गृहमंत्री ने 'ऑपरेशन सिंदूर' से लेकर 'ऑपरेशन महादेव' के जरिए आतंकियों के खात्मे का ब्योरा लोकसभा में दिया. शाह ने कहा, "22 अप्रैल को पहलगाम हमला हुआ. 25 भारतीय और एक नेपाली नागरिक मारे गए. मैं रात में ही श्रीनगर निकल गया. पीएम मोदी ने 23 अप्रैल को CCS की मीटिंग की. कांग्रेस का ब्लंडर था सिंधु जल संधि. हमने इसे सस्पेंड किया. पाक नागरिकों के वीजा सस्पेंड कर उन्हें वापस भेजने का काम किया. CCS ने संकल्प लिया कि सुरक्षा बल आतंकियों को उचित जवाब देगा."
कांग्रेस सांसद पी चिदंबरम ने सवाल उठाया कि आतंकी पाकिस्तान से आए, इसका सबूत कहां है? इसके जवाब में शाह ने कहा, "चिदंबरम जी को कहना चाहता हूं कि हमारे पास सबूत है कि तीनों पाकिस्तानी थे. दो के तो पाकिस्तान के वोटर होने की बात मौजूद है. इनके पास जो चॉकलेट मिलीं, वो भी पाकिस्तान मेड हैं." उन्होंने कहा कि इस देश का पूर्व गृह मंत्री देश के सामने पाकिस्तान को क्लीन चिट दे रहा है. वे पाकिस्तानी नहीं थे, ये कहकर चिदंबरम कह रहे हैं कि जब वे पाकिस्तान के नहीं थे तो उन पर हमला क्यों किया. पाकिस्तान को बचाने का षड्यंत्र देश के 130 करोड़ लोग जान गए हैं.
देश-दुनिया की ताज़ा खबरों Latest News पर अलग नज़रिया, अब हिंदी में Hindi News पढ़ने के लिए फ़ॉलो करें डीएनए हिंदी को गूगल, फ़ेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम पर.