भारत
गुजरात के अहमदाबाद में हुए प्लेन क्रेश हादसे में अब तक 31 शवों की पहचान हुई है, लेकिन अभी तक पूर्व सीएम विजय रुपाणी के शव की पहचान नहीं हो पाई हैं. डीएनए परीक्षण लगातार 24 घंटे चल रहा हैं.
गुरूवार 12 जून 2025 को अहमदाबाद में हुए विमान क्रैश हादसे में अभी तक 274 लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन 274 में से अब तक केवल 31 शवों की ही पहचान हो पाई है. जिनमें से 19 शव उनके परिजनों को सौंपे जा चुके हैं. शवों की जल्द से जल्द पहचान करने के लिए 24 घंटे लगातार डीएनए परीक्षण का काम किया जा रहा है. केंद्र की ओर से भी डीएनए जांच करने के लिए कुछ एक्सपर्ट भेजे गए हैं. अभी तक 230 नए नमूने लिए गए, जिनकी जांच की जा रही है. इसी बीच खबर है कि अभी तक गुजरात के पूर्व सीएम विजय रुपाणी के शव की बी पहचान नहीं हो पाई है.
31 लोगों के डीएनए का मिलान
डीएनए जांच टीम के एक डॉक्टर ने बताया कि अहमदाबाद विमान दुर्घटना में मारे गए 31 लोगों के डीएनए का परिजनों के डीएनए से मिलान हुआ, अब इस हादसे में शव इतनी बुरी तरह से जल गए है कि साधारण तरह से उनकी पहचान करना असंभव हैं. इसलिए अधिकारी बृहस्पतिवार को हुई त्रासदी में मारे गए शवों की पहचान करने के लिए डीएनए जांच कर रहे हैं.
दिन रात टीमें कर रही काम
इस विषय पर गुजरात के गृह मंत्री सांघवी ने शनिवार शाम एक्स पर लिखा है कि- 'रात 9 बजे तक की ताजा जानकारी यह है कि अब तक 19 डीएनए नमूनों का मिलान हो चुका है और शवों की पहचान की पुष्टि हो गई है. राज्य फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) इकाई की टीम एवं राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय (एनएफएसयू) की टीम और अधिक डीएनए नमूनों का मिलान करने के लिए रात भर काम कर रही है.'
230 टीमें लगाई गई है
गुजरात के राहत आयुक्त एवं राजस्व सचिव आलोक पांडे ने बताया कि इस दर्दनाक हादसे में मारे गए लोग गुजरात के 18 जिलों से थे. उन्होंने बताया कि परिवारों से समन्वय के लिए 230 टीम बनाई गई हैं और इस त्रासदी में मारे गए 11 विदेशी नागरिकों के परिजन से भी संपर्क किया गया है. बता दें कि लंदन जाने वाली इस फ्लाइट में 242 लोग शामिल थे जिसमें से 241 लोग मारे गए वहीं 1 व्यक्ति चमत्कारिक रूप से बच गया.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.