भारत
एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने कहा कि HAL के साथ 83 विमानों का सौदा हुआ था. जिनकी डिलीवरी मार्च 2024 से शुरू होने वाली थी. लेकिन अभी एक भी फाइटर जेट नहीं मिला है.
एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह (Amar Preet Singh) ने डिफेंस सिस्टम की खरीद और डिलीवरी में हो रही देरी को लेकर चिंता जाहिर की. उन्होंने सवाल उठाया कि डील के दौरान ऐसा वादा क्यों किया जाता है, जो समय पर पूरा नहीं किया जा सकता? डिफेंस सिस्टम से जुड़ा ऐसा कोई भी प्रोजेक्ट नहीं है, जो तय समय पर मिला हो. कॉन्ट्रैंक्ट साइन करते समय कंपनियों को पता होता है कि वह तय समय पर डिलीवरी नहीं दे पाएंगी, फिर भी साइन कर देते हैं.
दरअसल, भारतीय वायुसेना प्रमुख अमर प्रीत सिंह गुरुवार को दिल्ली में आयोजित CII एनुअल बिजनेस समिट में बोल रहे थे. उन्होंने तेजस, AMCA और Mk2 समेत अन्य लड़ाकू विमानों की डिलीवरी में हो रही देरी को लेकर चिंता चताई. अमर प्रीत सिंह ने कहा कि फरवरी 2021 में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) के साथ तेजस MK1A फाइटर जेट के लिए 48,000 करोड़ रुपये की डील हुई थी.
HAL के साथ कितने फाइटर जेट का हुआ सौदा?
एयर चीफ मार्शल ने कहा कि HAL के साथ 83 विमानों का सौदा हुआ था. जिनकी डिलीवरी मार्च 2024 से शुरू होने वाली थी. लेकिन अभी एक भी फाइटर जेट नहीं मिला है. इसके अलावा Tejas MK2 का भी अभी तक कोई रोल आउट नहीं हुआ है. एडवांस्ड स्टील्थ फाइटर AMCA का भी कोई प्रोटोटाइप है.
उन्होंने कहा कि आज की जरूरत आज ही पूरी होनी चाहिए. तभी तो हम भविष्य की तैयारी कर सकेंगे. आने वाले 10 साल में इंडस्ट्री से ज्यादा आउटपुट मिलेगा, लेकिन आज की जरूरत को आज ही पूरी होनी चाहिए. हमें जल्दी और समय पर काम करने की जरूरत है.
हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने डिफेंस सिस्टम की डिलीवरी को लेकर सवाल उठाए हों. इससे पहले 8 जनवरी 2025 को भी उन्होंने यह मुद्दा उठाया था. उन्होंने कहा था कि चीन जैसे दुश्मन देश अपनी हवाई ताकत बढ़ा रहा है, लेकिन हमें 40 जेट्स अभी तक नहीं मिले हैं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.