भारत
Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद विमान हादसे के बाद एलआईसी और बजाज आलियांज ने दावा निपटान प्रक्रिया को आसान कर दिया है. अब मृतक के परिवार कम कागजातों में बीमा क्लेम कर सकते हैं.
Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. इस हादसे में एयर इंडिया के विमान में सवार 241 यात्रियों समेत कुल 265 लोगों की मौत हो चुकी है. ऐसे मुश्किल समय में, देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) ने पीड़ितों के परिवारों के लिए एक राहत भरी घोषणा की है. एलआईसी ने अपने बीमा प्रक्रिया को आसान और तेज बनाने के लिए कई रियायतों की घोषणा की है, जिससे पीड़ित परिवारों को बिना ज्यादा कागजी कार्यवाही के बीमा राशि मिल सके. कंपनी ने कहा कि वह प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है और क्लेम प्रोसेस को सहज बनाने के लिए विशेष कदम उठाए जा रहे हैं.
कंपनी ने जानकारी दी कि बीमा क्लेम करने के लिए अब डेथ सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं होगी. इसके बजाय केंद्र या राज्य सरकार, एयरलाइन और किसी अधिकृत एजेंसी द्वारा जारी कोई भी दस्तावेज जिसमें मृतक की पहचान और हादसे की पुष्टि हो, उसे मृत्यु प्रमाण के रूप में स्वीकार किया जाएगा. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एलआईसी ने अपने बयान में कहा, 'हम इस बात को सुनिश्चित करेंगे कि हर दावेदार तक समय पर पहुंचा जाए और उनके दावे का जल्द से जल्द निपटारा किया जाए. इसके साथ ही उन्होंने परिजनों से अपील की है कि वे अपनी नजदीकी एलआईसी ब्रांच में जाकर सहायता प्राप्त कर सकते हैं या फिर कॉल सेंटर नंबर 022-68276827 पर संपर्क कर सकते हैं.
LIC announces relaxations for victims of Air India AI 171 plane crash in Ahmedabad on 12th June, 2025.#LIC #AirIndia #AhmedabadCrash #FlightTragedy #AI171@airindia @GovernmentIndia @GujaratGovtInd pic.twitter.com/ugLRGrApZG
— LIC India Forever (@LICIndiaForever) June 13, 2025
आपको बता दें देश की एक और बीमा कंपनी , बजाज आलियांज लाइफ इंश्योरेंस ने भी हादसे में प्रभावित अपने ग्राहकों के लिए एक विशेष दावा निपटान डेस्क की स्थापना की है. कंपनी ने दावा निपटान प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए कम से कम दस्तावेज की नीति अपनाई है ताकि पीड़ित परिवार को समय पर सहायता मिल सके. बहरहाल, इन कदमों से प्रभावित परिवारों को न केवल आर्थिक राहत मिलेगी, बल्कि उन्हें इस कठिन समय में कुछ सहारा भी मिलेगा. एलआईसी और अन्य बीमा कंपनियों ने यह साफ है कि मुश्किल समय में वे अपने ग्राहकों के साथ खड़ी हैं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.