भारत
मेरठ के बाद अब लुधियाना में नीले प्लास्टिक के ड्रम में व्यक्ति की लाश मिलने से हड़कंप मच गया. शव का पैर और गला रस्सी से बंधा हुआ था, साथ ही शव प्लास्टिक के बोरे में लिपटा हुआ था.
मेरठ में कुछ महीने पहले मुस्कान मर्डर केस सुर्खियों में बना हुआ था. मुस्कान ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर उसका शव नीले प्लास्टिक के ड्रम में छुपा दिया था. इस मामले ने पूरे देश को चौंका के रख दिया था. अब ऐसा ही एक और सनसनीखेज मामला लुधियाना से सामने आया है. लुधियाना के शेरपुर इलाके में नीले रंग के प्लास्टिक ड्रम में लाश मिली. कुछ लोगों को वहां से गुजरने के दौरान बदबू आई, जिसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने जब उस ड्रम को खोला तो उसमें एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला. शव प्लास्टिक के बोरे में लिपटा हुआ था, साथ ही में उसका गला और पैर रस्सी से बंधा हुआ था.
इसको लेकर एसएचओ कुलवंत कौर ने बताया कि मृतक का चेहरा देखकर वह प्रवासी प्रतीत होता है. हालांकि, शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है. बताया गया कि शव के शरीर पर फिलहाल किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन शव की हालत बहुत खराब है, जिससे साफ होता है कि यह घटना कई दिन पुरानी है.
ये भी पढ़ें-बेंगलुरु में पार्टी करने निकली थी युवती, रील बनाने के चक्कर में 13वें फ्लोर से गिरकर हुई मौत
पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि ड्रम एकदम नया मिला है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या पूरी योजना के तहत की गई है और शव को छिपाने के लिए नया ड्रम खरीदा गया. इस कड़ी में पुलिस ने लुधियाना की करीब 42 ड्रम बनाने वाली कंपनियों की सूची तैयार की है और उनसे पूछताछ की जा रही है कि हाल ही में यह ड्रम किसे बेचा गया था. घटनास्थल के 5 किलोमीटर के दायरे में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं. रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के कैमरों की मदद से संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जा रही है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.