भारत
दिल्ली एयरपोर्ट के ऑटोमैटिक मैसेज स्विचिंग सिस्टम (AMSS) में तकनीकी खराबी के कारण सैकड़ों उड़ानें विलंबित हुईं. इसका असर मुंबई एयरपोर्ट तक पहुंचा, जहां भी कई उड़ानें देरी से चल रही हैं और यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी.
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार को हवाई यातायात नियंत्रण प्रणाली (ATS) में आई तकनीकी खराबी ने देशभर की हवाई सेवाओं को प्रभावित कर दिया. इस तकनीकी गड़बड़ी का सबसे बड़ा असर दिल्ली और मुंबई जैसे प्रमुख एयरपोर्ट्स पर देखने को मिला, जहां सैकड़ों घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें या तो देर से रवाना हुईं या रद्द करनी पड़ीं.
दिल्ली एयरपोर्ट पर यह समस्या ऑटोमैटिक मैसेज स्विचिंग सिस्टम (Automatic Message Switching System - AMSS) में खराबी के कारण उत्पन्न हुई. यह सिस्टम उड़ानों से जुड़े महत्वपूर्ण डेटा और सूचनाओं के ट्रांसमिशन का प्रबंधन करता है. इस तकनीकी रुकावट के चलते हवाई यातायात नियंत्रण (Air Traffic Control - ATC) की प्रक्रिया धीमी पड़ गई और कई उड़ानों के शेड्यूल गड़बड़ा गए.
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (Airports Authority of India - AAI) ने एक बयान जारी कर बताया कि तकनीकी टीमें समस्या को ठीक करने में जुटी हुई हैं और जल्द ही सामान्य संचालन बहाल किया जाएगा. एएआई के अनुसार, यह गड़बड़ी केवल दिल्ली ही नहीं बल्कि अन्य प्रमुख एयरपोर्ट्स पर उड़ानों की टाइमिंग को भी प्रभावित कर रही है. मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) पर भी इस तकनीकी खामी का असर देखा गया. वहां यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा और कई उड़ानें विलंबित रहीं. हवाई अड्डा प्रशासन ने यात्रियों से आग्रह किया है कि वे यात्रा से पहले एयरलाइंस की ताजा जानकारी प्राप्त करें.
Chatrapati Shivaji Maharaj International Airport, Mumbai, issues a passenger advisory following flight Operations at Mumbai Airport being affected by a technical issue impacting the Automatic Message Switching System (AMSS) at Delhi, which supports Air Traffic Control flight… pic.twitter.com/McP1jKkkLN
— ANI (@ANI) November 7, 2025
इंडिगो, एयर इंडिया, स्पाइसजेट और अकासा एयर जैसी प्रमुख विमानन कंपनियों ने कहा कि दिल्ली एयरपोर्ट पर एटीएस सिस्टम में आई खराबी के चलते उनकी उड़ान सेवाएं प्रभावित हुई हैं. हालांकि, सभी एयरलाइंस यात्रियों को अपडेट देने और वैकल्पिक व्यवस्था करने में लगी हुई हैं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से