भारत
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली और उत्तराखंड समेत देश के 19 राज्यों में भारी बारिश और 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है.
Aaj Ka Mausam 18 August 2026: देशभर में मानसून की रफ्तार लगातार तेज है और मौसम विभाग ने एक बार फिर चिंता बढ़ाने वाली चेतावनी दी है. मंगलवार यानी 18 अगस्त को दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत देश के 19 राज्यों में मूसलाधार बारिश और भयंकर तूफान का अंदेशा जताया गया है. मौसम के इस सख्त मिजाज को देखते हुए लोगों को बेहद सावधान रहने की सलाह दी गई है.
इस दौरान कई इलाकों में 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. कुछ जगहों पर ओले गिरने की आशंका भी बनी हुई है. मौसम विभाग का मानना है कि इतनी तेज आंधी में बड़े और पुराने पेड़ तक उखड़कर गिर सकते हैं, जिससे रास्तों में रुकावट और हादसों का खतरा रहेगा.
इसके साथ ही खेतों में खड़ी फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचने की पूरी आशंका है. सुरक्षा के मद्देनजर किसानों और मछुआरों को तुरंत सुरक्षित जगहों पर शरण लेने की अपील की गई है. पूर्वी भारत के हिस्सों में बिजली गिरने और वज्रपात की चेतावनी जारी हुई है. अगर मौसमी तंत्र की बात करें तो उत्तरी हरियाणा और राजस्थान के मध्य हिस्सों के ऊपर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है.
इसी वजह से देश के अलग-अलग हिस्सों में बादलों का मिजाज काफी आक्रामक बना हुआ है. मौसम विभाग ने जिन 19 राज्यों में तेज आंधी और भारी बारिश की चेतावनी दी है, उनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, केरल और आंध्र प्रदेश शामिल हैं.
राजधानी दिल्ली में मध्यम से तेज बारिश होने की उम्मीद है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. तापमान की बात करें तो दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
यूपी के नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, मथुरा, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर जैसे कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. यहां हवाएं 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार छू सकती हैं. लखनऊ में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
बिहार में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. पटना, गया, बेगूसराय, दरभंगा, पूर्णिया और भागलपुर समेत कई जिलों में 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाओं के साथ जोरदार बारिश हो सकती है. पटना में पारा 31 डिग्री और 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.
उत्तराखंड के नैनीताल, देहरादून, चमोली और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में 18 और 19 अगस्त को तूफानी बारिश का खतरा है. 50 से 60 किमी प्रति घंटे की हवाएं चलने की उम्मीद है। देहरादून का तापमान 26 और 23 डिग्री के बीच रहेगा. वहीं, हिमाचल प्रदेश के शिमला, कांगड़ा, कुल्लू और मनाली में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी है.
मनाली में पारा 16 डिग्री अधिकतम और 11 डिग्री न्यूनतम तक गिर सकता है. जम्मू, श्रीनगर, अनंतनाग और कुलगाम में 50 से 55 किमी प्रति घंटे की हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट है. श्रीनगर में तापमान 30 से 20 डिग्री रहने का अनुमान है.
अमृतसर, लुधियाना, पटियाला और जालंधर जैसे जिलों में 45 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है. तमाम राज्यों के लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान बेवजह घर से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर बने रहें.
ये भी पढ़ें- 'भारतीय समाज में दहेज के कारण आज भी हो रहीं मौतें', ढाई महीने की गर्भवती के सुसाइड पर कोर्ट ने जताई चिंता