भारत
Weather Update 16 August 2026: दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार और राजस्थान समेत 15 राज्यों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. जानिए आज आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज.
Aaj Ka Mausam 16 August 2026: देशभर में रुक-रुक कर झमाझम बारिश का दौर जारी है. लेकिन अगर आप आज बाहर निकलने का प्लान बना रहे हैं, तो थोड़ा संभलकर रहिएगा. मौसम विभाग ने आज यानी 16 अगस्त 2026 को देश के 15 राज्यों में जोरदार बारिश और तेज तूफान की चेतावनी जारी की है.
इस दौरान हवाएं 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. ऐसे में आकाशीय बिजली गिरने और कुछ जगहों पर ओले पड़ने का भी खतरा है, जिससे किसानों की फसलों को नुकसान हो सकता है.
दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और पूरे एनसीआर के लोगों के लिए आज का दिन थोड़ा सावधानी बरतने वाला है. राजधानी और आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश का अलर्ट है. दिन भर धूलभरी आंधी और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. दिल्ली और नोएडा में आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है.
यूपी के लोगों को भी आज भारी बारिश का सामना करना पड़ सकता है. लखनऊ, मेरठ, आगरा, प्रयागराज, गोरखपुर और कानपुर समेत कई जिलों में बादलों का डेरा रहेगा और आंधी के साथ तेज बारिश हो सकती है. इन इलाकों में हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. राजधानी लखनऊ में पारा 31 डिग्री तक जाएगा, जिससे उमस से राहत तो मिलेगी लेकिन जलजमाव की परेशानी बढ़ सकती है.
बिहार में भी मौसम के तेवर तल्ख नजर आ रहे हैं. पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर और चंपारण जैसे जिलों में तूफान और तेज बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. लगभग 65 किलोमीटर की स्पीड से चलने वाली हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं. पटना में आज दिन का तापमान 34 डिग्री और रात का 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
राजस्थान में जयपुर के लोगों को तो सिर्फ बादलों से ही संतोष करना पड़ेगा, क्योंकि वहां बारिश का कोई खास अलर्ट नहीं है. लेकिन कोटा, झालावाड़, भरतपुर और अजमेर जैसे बाकी हिस्सों में तेज आंधी और झमाझम पानी गिरने के पूरे आसार हैं.
अगर बात पहाड़ों की करें तो हिमाचल प्रदेश के शिमला, कांगड़ा, कुल्लू और मनाली में तेज आंधी के साथ भारी बारिश का खतरा मंडरा रहा है. वहीं उत्तराखंड में देहरादून के आसमान में तो बादल रहेंगे पर बारिश की उम्मीद कम है, जबकि हरिद्वार, ऋषिकेश और नैनीताल जैसे इलाकों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हो सकती है.
उत्तर-पश्चिम यूपी और राजस्थान के ऊपर बने चक्रवाती हवाओं के दबाव के कारण पूर्वी भारत में बिजली गिरने की घटनाएं ज्यादा हो सकती हैं. मौसम विभाग ने मछुआरों को भी फिलहाल समंदर से दूर रहने की सलाह दी है.
ये भी पढ़ें- ट्रंप की मेहरबानी से उछल रहे शहबाज-मुनीर, देश अब भी तबाही की ओर...अमेरिकी एनालिस्ट ने खोली पाकिस्तान की पोल