Advertisement

आज का मौसम, 15 जुलाई: 13 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, 70 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, क्या दिल्ली-NCR में बरसेगा पानी?

मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश समेत देश के 13 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.

Latest News
आज का मौसम, 15 जुलाई: 13 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, 70 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, क्या दिल्ली-NCR में बरसेगा पानी?

कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट (Image Source- IANS)

Add DNA as a Preferred Source
  • 13 राज्यों में बारिश का अलर्ट, 70 से 80 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है
  • ओडिशा में बहुत भारी बारिश की चेतावनी है 
  • दिल्ली-एनसीआर में इस हफ्ते आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बूंदाबांदी होगी
  • बिहार में 15-16 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट है

Aaj ka Mausam 15 July 2026: देश के कई हिस्सों में इस समय झमाझम बारिश हो रही है, जिससे लोगों का हाल बेहाल है. सड़कों पर पानी भरने से लेकर आने-जाने में भारी दिक्कतें हो रही हैं. इसी बीच मौसम विभाग ने एक नया अपडेट दिया है कि अगले 24 घंटे में उत्तरी बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने वाला है. इसका सीधा मतलब ये है कि अगले 7 दिनों तक पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी पहाड़ी इलाकों में बारिश और तेज होने वाली है.

कई जगहों पर तो मूसलाधार बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग ने देश के 13 राज्यों में हल्की से लेकर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी-तूफान भी आ सकता है. मौसम विभाग की मानें तो उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों और दक्षिण भारत में अगले 6-7 दिनों तक बारिश थोड़ी कम रहेगी. लेकिन पहाड़ी इलाकों यानी पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में 18 जुलाई के बाद एक बार फिर मौसम करवट लेगा और भारी बारिश शुरू हो जाएगी. 

इन 13 राज्यों में बरसेंगे बदरा

बारिश के साथ-साथ कई राज्यों में आंधी चलने और बिजली गिरने की भी चेतावनी है. वहीं, दक्षिण के कुछ राज्यों में लोगों को उमस और चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी 15 जुलाई को ओडिशा के कई हिस्सों में बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी झमाझम बारिश का अनुमान है. वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मेघालय और मणिपुर जैसे राज्यों में भी बादल जमकर बरसेंगे.

दिल्ली-NCR में आज कैसा रहेगा मौसम? 

दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए यह हफ्ता मिलाजुला रहने वाला है. हालांकि दिन में तापमान 38 डिग्री के आसपास रहेगा, जिससे थोड़ी गर्मी लगेगी, लेकिन आसमान में बादलों की आवाजाही और हल्की बूंदाबांदी से राहत मिलती रहेगी. आज 15 जुलाई को दिन का अधिकतम तापमान 38 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. कल यानी 16 जुलाई को भी आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और तापमान लगभग ऐसा ही बना रहेगा. कुल मिलाकर, उमस तो रहेगी लेकिन बीच-बीच में चलने वाली तेज हवाएं राहत देंगी.

उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम? 

यूपी में मौसम विभाग ने 15 से 19 जुलाई के बीच कई जगहों पर बारिश का अलर्ट जारी किया है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 15 से 17 जुलाई तक हल्की बारिश होगी, लेकिन 17 से 19 जुलाई के बीच भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है. खासकर 18 और 19 जुलाई को पूर्वी यूपी के कई जिलों में ताबड़तोड़ बारिश हो सकती है. वहीं पश्चिमी यूपी की बात करें तो मेरठ, शामली, मुजफ्फरनगर और बिजनौर जैसे इलाकों में 15 से 20 जुलाई तक रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश का दौर चलता रहेगा.

बिहार में भारी बारिश का रेड अलर्ट 

बिहार में भी मानसून पूरी तरह एक्टिव है. मौसम विभाग ने 15 और 16 जुलाई को राज्य के बड़े हिस्से में भारी बारिश की आशंका जताई है. आज 15 जुलाई को कुछ जिलों में बहुत तेज बारिश हो सकती है, जिससे बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं. इसके बाद 16 से 20 जुलाई के बीच भी कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.

हिमाचल और उत्तराखंड में बढ़ेगी मुसीबत

हिमाचल प्रदेश में 15 और 16 जुलाई को कई जगहों पर सामान्य बारिश होगी. लेकिन 17 जुलाई से बारिश का जोर बढ़ेगा और 18 से 20 जुलाई के दौरान पहाड़ों पर भारी बारिश आफत बन सकती है. लैंडस्लाइड का खतरा भी बढ़ सकता है. उत्तराखंड में भी आज कई जगहों पर बारिश के आसार हैं. 16 से 20 जुलाई के बीच बारिश की रफ्तार और तेज होने वाली है, जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. पहाड़ों की यात्रा करने वालों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

ये भी पढ़ें- स्पेन फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में, फ्रांस को दी करारी शिकस्त

Read More
Advertisement
Advertisement
Advertisement