भारत
मौसम विभाग के अनुसार आज देश के 13 से ज्यादा राज्यों में बारिश की संभावना है. आईएमडी ने कुछ राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है. यहां बारिश के साथ तूफान और बिजली गिर सकती है.
सावन में मौसम के कई रंग देखने को मिल रहे हैं, कहीं मूसलाधार बारिश हो रही है तो वहीं कुछ इलाकों में उमस भरी गर्मी से लोग परेशान है. ऐसा ही हाल आज दिल्ली एनसीआर में देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, यहांं दिन के आखिरी तीसरे पहर में बारिश की संभावना है. उमस की वजह से लोगों की परेशानी बढ़ सकती है. वहीं उत्तराखंड से लेकर हिमाचल प्रदेश, यूपी, बिहार और बंगाल के कई जिलों में आज जोरदार बारिश हो सकती है.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटों में देश के 13 से ज्यादा राज्यों में तेज आंधी और मूसलाधार बारिश होने वाली है. कई इलाकों में जहां सड़कें पानी-पानी होंगी, वहीं कुछ शहरों में बारिश थमते ही चिपचिपी उमस पसीना छुड़ाएगी. वहीं पहाड़ों पर लैंडस्लाइड का खतरा बढ़ गया है.
अगर आप इस हफ्ते हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड या जम्मू-कश्मीर जाने का मन बना रहे हैं, तो फिलहाल के लिए अपना प्लान टाल देना ही समझदारी होगी. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में आज भी जोरदार बारिश बनी रहेगी. लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण लैंडस्लाइड और नदियां उफान पर रहने का खतरा बढ़ा हुआ है.
उत्तर प्रदेश और बिहार के पूर्वी इलाकों में जमकर बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, यूपी के कासगंज, गोरखपुर, प्रयागराज समेत दर्जन भर जिलों में बारिश हो सकती है. वहीं बिहार के पटना, गया समेत दर्जनों जिलों में 30 से 50 किमी की हवाओं के साथ भारी बारिश होगी.
मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान के पूर्वी के इलाकों में बारिश की रफ्तार बढ़ेगी, जबकि गुजरात में सिर्फ बौछार हो सकती है. वहीं कुछ इलाकों में जोरदार बारिश की संभावना है. यहां मौसम में बदलाव दिन के दूसरे पहर में देखने को मिल सकता है. वहीं दिल्ली-NCR में दोपहर से शाम के बीच हल्की से मध्यम बौछारें पड़ने की संभावना है. हालांकि, बारिश रुकते ही हवा में नमी का स्तर 80 प्रतिशत से ऊपर जाने की वजह से चिपचिपी उमस झेलनी पड़ सकती है.