भारत
आज दिल्ली एनसीआर से लेकर यूपी और हरियाणा समेत पहाड़ी इलाकों में बारिश की संभावना है. हालांकि कहीं बारिश की रफ्तार बहुत ज्यादा तो कुछ जगहों पर कम होगी. यह बारिश अगले कुछ दिनों के लिए जारी रहेगी.
अगर आप स्वतंत्रता दिवस के लंबे वीकेंड में बाहर घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो रुक जाइये, क्योंकि मौसम विभाग की एक ताजा चेतावनी आपकी पूरी प्लानिंग पर पानी फेर सकती है. बंगाल की खाड़ी में बने नये डिप्रेशन कम दबाव के क्षेत्र की वजह से मानसून एक बार फिर विकराल रूप धारण करने वाला है. आइए जानते हैं कि 14 अगस्त यानी आज आपके शहर में कैसा रहेगा आज के मौसम का हाल...
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में 14 अगस्त से 18 अगस्त तक झमाझम बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. हालांकि बारिश बंद होने के बीच भारी उमस से परेशानी और भी बढ़ सकती है. इस समय में तबीयत खराब हो सकती है. इसके साथ ही शाम के समय तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की समस्या झेलनी पड़ सकती है.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, सिर्फ राजधानी ही नहीं, बल्कि देश के कई अन्य हिस्सों में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. उत्तर प्रदेश से लेकर हरियाणा के दर्जनों जिलों में 14 से 18 अगस्त के बीच बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश की संभावना है. हालांकि 14 अगस्त को देर शाम में बारिश हो सकती है. इसके बाद शनिवार को भी मूसलाधार बारिश होने की पूरी संभावना बनी हुई है. वहीं इन राज्यों से निकल रही नदियों का पानी भारी उफान पर है. कई जगहों पर पानी खतरे के निशान के आसपास बना हुआ है.
मध्य भारत में मानसून का सबसे उग्र रूप देखने को मिल सकता है. आईएमडी ने छत्तीसगढ़ में भारी से बेहद भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इसके साथ ही मध्य प्रदेश में भी कुछ ऐसा ही हाल रहने की संभावना बनी हुई है. लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. इस दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है.
पहाड़ी राज्य हिमाचल और उत्तराखंड में पिछले कुछ समय से भारी बारिश देखने को मिल रही है. यहां अगले 5 दिनों तक झमाझम बारिश की संभावना बनी हुई है. इसबीच हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड और बादलों के गरजने का खतरा बढ़ गया है. अगर आप पहाड़ों में घूमने का प्लान बना रहे हैं तो थोड़ा रुकना ही बेहतर होगा.