भारत
मौसम विभाग के अनुसार आज 16 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है. हालांकि सबसे ज्यादा आफत पहाड़ी इलाकों में हैं, जहां बारिश के चलते भूस्खलन का खतरा कई गुणा बढ़ गया है.
देश में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हैत्र अब बंगाल की खाड़ी के सिस्टम से आज 16 राज्यों में बारिश की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, कुछ जगहों पर लोगों को बारिश से राहत मिलेगी तो वहीं देश के कुछ हिस्सों में बारिश की आफत झेलनी पड़ सकती है. इसके लिए आईएमडी ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. IMD ने 13 अगस्त को देश के 16 से ज्यादा राज्यों में मूसलाधार बारिश, आकाशीय बिजली और 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है. बंगाल की खाड़ी में बना एक शक्तिशाली सिस्टम अब मध्य और उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है, जिसका सीधा असर आपकी दिनचर्या और सफर पर भी पड़ सकता है.
ओडिशा, बंगाल और MP में रेड-जोन जैसे हालात है. वहीं उत्तर बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब बहुत मजबूत हो चुका है. इसके असर से ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और छत्तीसगढ़ में बहुत ही भारी बारिश का संभावना है. वहीं तटीय इलाकों में 50 से 60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. ऐसे में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है.
भोपाल, इंदौर, श्योपुर और शिवपुरी समेत कई जिलों में जलभराव और नदी-नालों में उफान का खतरा रहेगा. निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए आज सतर्क रहने का दिन है. ऐसे में आम लोग भी इससे प्रभावित हो सकते हैं. दफ्तार या अपने कारोबार पर निकलने वाले लोगों को भारी बारिश के चलते जलभराव और ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है.
आज दिल्ली एनसीआर के लोगों को उमस का टॉर्चर झेलना पड़ सकता है. बारिश की संभावना न के बराबर है. ऐसे में तेज धूप निकलेगी. वहीं पूर्वी यूपी के जिलों में आज से ही भारी बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी. बिहार के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने का खतरा है.हालांकि, असली राहत और तेज बारिश का दौर 14 और 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देखने को मिलेगा.
उत्तराखंड से लेकर हिमाचल प्रदेश और राजस्थान में पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश से भूस्खलन और बादल फटने जैसी घटनाओं का खतरा बना हुआ है. चारधाम यात्रा या वीकेंड ट्रिप पर निकले पर्यटकों को संवेदनशील रूटों पर न जाने की चेतावनी दी गई है. वहीं आज राजस्थान के कोटा से लेकर उदयपुर, अजमेर में फिर मानसून की रफ्तार तेज रहेगी, जिससे कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज हो सकती है.