भारत
दिल्ली के मलूदपुर गांव में एक 23 साल के युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक उत्तर प्रदेश का रहने वाला था, वो दिल्ली अपने भाई के साथ मजदूरी करने आया था.
राजधानी दिल्ली के मसूदपुर से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां मसूदपुर गांव में एक 23 साल के मजदूर ने अपने घर पर फांसी लगा ली. मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के पिलशी गांव निवासी उदय भान के रूप में हुई है. न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस को शनिवार रात उस वक्त घटना की सूचना मिली जब मृतक का बड़ा भाई हेतराम घर लौटा और उसने अपने भाई को पंखे से लटका हुआ पाया. पुलिस के अनुसार PCR कॉल के बाद जब टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि युवक का शव छत के पंखे से एक मफलर से लटका हुआ था. इसके बाद उसे तुरंत सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
जानकारी के अनुसार, उदय भान और उसका भाई हेतराम लगभग 45 से 50 दिन पहले ही दिल्ली आए थे. दोनों मसूदपुर क्षेत्र में दिल्ली मेट्रो निर्माण स्थल पर मजदूरी का काम करते थे. उदय भान रात की शिफ्ट में काम करता और उसका भाई दिन में. पुलिस जांच में सामने आया कि शुक्रवार की शाम जब हेतराम काम से घर लौटा तो उसने खिड़की से देखा कि उसका भाई पंखे से लटका हुआ है. इसके बाद उसने देखा तो घर अंदर से बंद था. उसने तुरंत पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा और पुलिस को सूचित किया.
ये भी पढ़ें-RG Kar मामले में Kolkata Gangrape आरोपी ने की थी Facebook पोस्ट, रेपिस्ट के लिए मांगी थी मौत
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मौके पर क्राइम टीम को बुलाया गया था. पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में किसी तरह की जबरदस्ती, संघर्ष या बाहरी चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं. किसी साजिश की आशंका नहीं जताई गई है. पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए सफदरजंग अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.