सेहत
खाने के बाद वॉक करने से कई तरह के लाभ तो हैं लेकिन कितनी देर बाद और किस तरह वॉक करें ये जानना भी जरूरी है.
डीएनए हिंदी. हम में से ज्यादातर लोगों के घरों में खाना खाने के बाद सैर पर जाने या वॉक करने की परंपरा रही होगी. बेशक आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हम इस परंपरा का पूरी तरह पालन ना कर पाएं लेकिन ये जानना जरूरी है कि ये सिर्फ परंपरा नहीं बल्कि सेहत के लिए रामबाण इलाज है. जब खाना खाने के बाद आप वॉक करते हैं तो पाचन की प्रक्रिया छोटी आंत में शुरू होती है. इससे वजन भी कम रहता है और कई अन्य समस्याओं से भी राहत मिलती है. यहां इस बात पर गौर करना जरूरी है कि खाने के कितनी देर बाद वॉक करना सही होता है.
क्या है खाने के बाद वॉक का लाभ
भोजन जितना जल्दी आपके पेट से छोटी आंत तक पहुंचता है उतना ही कम आपको गैस या एसिड रिफलक्स जैसी समस्याएं होती हैं. शोध बताते हैं कि खाने के 30 मिनट बाद की गई वॉक से बाउल फंक्शन ठीक रहता है और कब्ज जैसी समस्याओं की आशंका भी कम हो जाती है. न्यूजीलैंड यूनिवर्सिटी की एक रिसर्च के मुताबिक टाइप-2 डायबिटीज से ग्रस्त लोगों के लिए खाने के बाद वॉक करना काफी फायदेमंद होता है. इससे उनका ब्लड शुगर लेवल कम रहता है.
शुगर के मरीजों के लिए बेहद जरूरी
हमारा शरीर भोजन को ग्लूकोज में बदलता है. ये ग्लूकोज शरीर के लिए ऊर्जा का अहम स्रोत होता है. खाना खाने के बाद ब्लड ग्लूकोज का लेवल बढ़ना शुरू हो जाता है. शरीर इंसुलिन स्रावित करने लगता है जिससे ग्लूकोज हमारे शरीर को कोशिकाओं में जाने लगता है. खाने के बाद जब हम वॉक करते हैं तो हमारा शरीर ग्लूकोज का इस्तेमाल ऊर्जा के लिए करता है जिससे ब्लड में ग्लूकोज कम जाता है और शुगर बढ़ने की समस्या भी कम होती है.
खाने के तुरंत बाद ना करें वॉक
खाना खाने के तुरंत बाद वॉक शुरू करने से एसिड रिफलक्स की समस्या हो सकती है. इससे आपका पेट खराब हो सकता है. जानकारों के अनुसार लंच या डिनर के 30-35 मिनट के बाद ही वॉक शुरू करनी चाहिए. ये भी ध्यान रखें कि तेज-तेज वॉक शुरू करने की बजाय धीरे-धीरे चलने से शुरू करें. जब भी हम किसी तरह की फिजिकल एक्टिविटी करते हैं तो इससे एंर्डोफिन हार्मोन्स रिलीज होते हैं जिन्हें गुड हार्मोन्स भी कहा जाता है. इनसे शरीर को आराम मिलता है. ऐसे में खाना खाने के कुछ समय बाद वॉक करना खुद को ना सिर्फ सेहतमंद रखने बल्कि एंडोर्फिन हार्मोन्स के जरिए खुश रखने का भी अच्छा फॉर्मूला है.