सेहत
Weight Loss Injection: हाल ही में नोवो नॉर्डिस्क ने भारत में वजन घटाने वाला इंजेक्शन वेगोवी आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है. यह मोटापे और डायबिटीज के मरीजों के लिए फायदेमंद है. आइए यहां जानते हैं कि यह इंजेक्शन कैसे काम करता है और इसकी कीमत क्या है.
Weight Loss Injection: मोटापा एक गंभीर बीमारी है जो भारत में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में तेजी से बढ़ रही है. बच्चे हों या बूढ़े, हर कोई मोटापे से परेशान है. मोटापे के कारण डायबिटीज, हृदय रोग और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा भी बढ़ जाता है. ऐसे में लोग वजन कम करने के लिए कई सप्लीमेंट्स, फैट लॉस पिल्स, पाउडर आदि का इस्तेमाल करते हैं. हाल ही में 24 जून को डेनमार्क की फार्मा कंपनी नोवो नॉर्डिस्क ने भारत में अपना वजन घटाने वाला इंजेक्शन वेगोवी लॉन्च किया है. यह इंजेक्शन हफ्ते में एक बार लिया जाता है और यह GLP1 रिसेप्टर एगोनिस्ट है, जो वजन कम करने की चाहत रखने वाले लोगों के लिए फायदेमंद हो सकता है.
वेगोवी में सेमाग्लूटाइड होता है, जो ग्लूकागन-लाइक पेप्टाइड-1 रिसेप्टर एगोनिस्ट नामक दवाओं के वर्ग से आता है. इसे टाइप 2 डायबिटीज को कंट्रोल करने के लिए बनाया गया है, लेकिन इसके असरदार वजन घटाने के प्रभावों की वजह से इसे मोटापे के इलाज के लिए भी कारगर माना जाता है.
वेगोवी इंजेक्शन शरीर में नेचुरल हार्मोन जीएलपी-1की नकल करके काम करता है, जो भूख और पाचन को कंट्रोल करने में प्रभावी हो सकता है. यह दिमाग में भूख को कंट्रोल करने वाले केंद्रों पर काम करता है, जिससे आपको कैलोरी का सेवन कम करने में मदद मिलती है. वेगोवी पाचन को धीमा कर देता है, जिससे व्यक्ति को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है. यह ओवर ईटिंग से बचने में मदद कर सकता है.
यह भी पढ़ें:Exercise For High BP: रोज केवल 5 मिनट करें ये एक्सरसाइज, कंट्रोल में रहेगा हाई बीपी
नोवो नॉर्डिस्क ने इसे 5 खुराकों में लॉन्च किया है, 0.25 mg, 0.5 mg, 1 mg, 1.7 mg और 2.4 mg. 0.25 mg, 0.5 mg और 1 mg खुराक की मासिक कीमत 17,345 रुपये रखी गई है, जो प्रति सप्ताह 4,366 रुपये है. जबकि 1.7 mg और 2.4 mg के लिए महीन भर की कीमत 24,280 और 26,015 रुपये रखी गई है, जो प्रति सप्ताह 6070 और 6503 रुपये है. इस इंजेक्शन को हफ्ते में एक बार लिया जाता है जो फ्लेक्सटच पेन जैसी डिवाइस में आता है.
(Disclaimer: यह खबर सामान्य जानकारी पर आधारित है. इस पर अमल करने से पहले विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य लें.)
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.