सेहत
लिवर हमारे शरीर का एक बहुत ही महत्वपूर्ण अंग है. हालांकि, अगर लिवर सड़ रहा हो या खराब हो रहा हो, तो इसके शुरुआती लक्षण तुरंत दिखाई नहीं देते लेकिन गर्दन पर होने वाले 4 बदलाव इसके डैमेज होने का संकेत देते हैं.
लिवर हमारे शरीर का एक बहुत ही महत्वपूर्ण अंग है. लिवर भोजन पचाने, विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने और शरीर को साफ रखने जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य करता है. लिवर की बीमारियों के शुरुआत में कोई लक्षण दिखाई नहीं देते. फैटी लिवर, हेपेटाइटिस बी या शराब से जुड़ी बीमारियां कई सालों तक बिना किसी लक्षण के छिपी रहती हैं. हालांकि, जब तक लक्षण दिखाई देते हैं, तब तक लिवर काफी क्षतिग्रस्त हो चुका होता है और कंडिशन लिवर सिरोसिस तक जा पहुंचती है. एक बार सिरोसिस होने पर, शराब पीना बंद करने या वजन कम करने के बाद भी लिवर सामान्य स्थिति में नहीं आ पाता. लिवर खराब होने के कई लक्षण होते हैं और इनमें से कुछ लक्षण आपकी गर्दन पर दिखाई दे सकते हैं.
गर्दन का अचानक काला पड़ना
गर्दन का रंग अचानक गहरा होना, जैसे कि भूरी या काली त्वचा, और त्वचा का मोटा होना, फैटी लिवर या इंसुलिन प्रतिरोध के लक्षण हो सकते हैं. ये लक्षण मोटापे, मधुमेह या पीसीओडी से ग्रस्त व्यक्ति में हो सकते हैं.
गर्दन पर खुजली
अगर लिवर की पित्त नलिकाएँ अवरुद्ध हो जाती हैं, तो शरीर में पित्त लवण जमा हो जाते हैं, जिससे पूरे शरीर में, खासकर गर्दन, पीठ, हाथ-पैरों में खुजली हो सकती है. त्वचा पर चकत्ते भी पड़ सकते हैं. इतना ही नहीं, लिवर की समस्याओं के कारण जब पीलिया होता है, तो इसका असर त्वचा और आँखों के साथ-साथ गर्दन की त्वचा पर भी पड़ता है. इससे त्वचा पीली दिखाई दे सकती है. अगर आपके साथ भी ऐसा हो, तो आपको तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए.
लिवर डैमज क्यों होता है?
मोटापा लिवर को सबसे ज़्यादा नुकसान पहुंचाता है . इसके अलावा, शराब, बाहर का जंक फ़ूड खाना, नींद की कमी और व्यायाम न करना आदि भी लिवर को जल्दी नुकसान पहुँचा सकते हैं. अगर आप नियमित रूप से शराब पीते हैं या रोज़ाना बाहर का खाना खाने की आदत है, तो समय रहते इस पर लगाम लगाना ज़रूरी है.
लिवर डैमेज के और दूसरे लक्षण क्या हैं?
आप अपने लिवर की स्थिति का अंदाज़ा कुछ लक्षणों से लगा सकते हैं, जैसे पेट के दाहिने हिस्से में हल्का दर्द या भारीपन, भूख न लगना, खाने की इच्छा न होना, थकान, कमज़ोरी महसूस होना और वज़न न बढ़ना. अगर आपको इनमें से कोई भी लक्षण दिखाई दे, तो अल्ट्रासाउंड और लिवर फंक्शन टेस्ट (LFT) ज़रूर करवाएं.
लिवर डिटॉक्स कैसे करें?
कुछ चीज़ें लिवर को स्वस्थ रखने में मदद कर सकती हैं. इनमें ब्रोकली, पालक जैसी हरी सब्ज़ियां, अंडे, फाइबर युक्त खाद्य पदार्थ और पानी युक्त खाद्य पदार्थ शामिल हैं. इसके अलावा, अपने वज़न पर नियंत्रण रखें, शराब पीना बंद करें और समय-समय पर लिवर की उचित जांच और अल्ट्रासाउंड करवाएं.
(Disclaimer: यह खबर सामान्य जानकारी पर आधारित है. अधिक जानकारी के लिए विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य लें.)
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से