सेहत
Monsoon diabetes tips: बरसात के मौसम में डायबिटीज के मरीजों को अपनी सेहत का खास ख्याल रखने की जरूरत होती है ताकि उनका ब्लड शुगर लेवल नियंत्रित रह सके. आइए जानते हैं कुछ सावधानियां जिन्हें अपनाकर आप अपने शुगर लेवल को नियंत्रण में रख सकते हैं.
बारिश का मौसम जहां गर्मी से राहत देता है, वहीं डायबिटीज के मरीजों के लिए कई तरह की चुनौतियां भी खड़ी कर सकता है. बारिश में नमी बढ़ जाती है और संक्रमण का खतरा भी ज्यादा रहता है. ऐसे में डायबिटीज के मरीजों को अपनी सेहत का खास ख्याल रखने की जरूरत होती है ताकि ब्लड शुगर लेवल कंट्रोल में रह सके. आइए यहां जानते हैं कुछ सावधानियां जो डायबिटीज के मरीजों को बरतनी चाहिए ताकि उनका ब्लड शुगर कंट्रोल में रह सके.
पैरों की देखभाल
बारिश में पैरों का ख्याल रखना बहुत जरूरी है. बारिश में जूते-चप्पल भीगने से पैरों में फंगल इंफेक्शन हो सकता है, खास तौर पर डायबिटिक न्यूरोपैथी से पीड़ित मरीजों में. ऐसे में अपने पैरों को तुरंत अच्छी तरह धोकर सुखा लें और उंगलियों के बीच नमी का खास ख्याल रखें.
खान-पान का ध्यान
बारिश के मौसम में अपने खान-पान का पूरा ध्यान रखें. इस मौसम में पकौड़े, समोसे और तली-भुनी चीजें खाने से बचें. इन चीजों से शुगर लेवल तेजी से बढ़ता है, जिससे डायबिटीज का खतरा बढ़ जाता है. खुले में और सड़क किनारे बिकने वाले बाहर के खाने से पूरी तरह बचें. इससे फूड पॉइजनिंग हो सकती है.
पर्याप्त पानी का सेवन करें
इस मौसम में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना भी बहुत जरूरी है. पानी पीने से शरीर में पानी की कमी नहीं होती और शरीर से विषैले पदार्थ बाहर निकलते हैं. इस मौसम में केवल अच्छी तरह से फिल्टर किया हुआ पानी ही पीने की कोशिश करें.
व्यायाम करें
बारिश के मौसम में नियमित व्यायाम करें. आप इस मौसम में घर पर ही हल्के व्यायाम कर सकते हैं जैसे कि योग. शारीरिक गतिविधि ब्लड शुगर के स्तर को नियंत्रित करने में मदद कर सकती है.
यह भी पढ़ें:स्किन से लेकर शुगर तक, कई बीमारियों से बचाती है जड़ी-बूटी, जानें फायदे
ब्लड शुगर की नियमित जांच
इस मौसम में खान-पान की वजह से शुगर लेवल में उतार-चढ़ाव हो सकता है. ऐसे में स्वस्थ रहने के लिए नियमित रूप से अपना ब्लड शुगर चेक करते रहें और डॉक्टर द्वारा बताए गए निर्देशों का सख्ती से पालन करें.
साफ-सफाई
बरसात के मौसम में साफ-सफाई पर ज्यादा ध्यान दें. इस मौसम में सर्दी-खांसी और वायरल इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है, जिसका असर कई बार शुगर लेवल पर भी पड़ सकता है. अपने आस-पास पानी जमा न होने दें, ताकि आप मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों से भी बच सकें.
(Disclaimer: यह खबर सामान्य जानकारी पर आधारित है. इस पर अमल करने से पहले विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य लें.)
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.