सेहत
Corona Cases in India: भारत में कोरोना के 4302 एक्टिव केस हैं, इसके बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को जरूरी तैयारियों के निर्देश दिए हैं...
Corona Cases in India- देश में एक बार फिर कोरोना वायरस के मामले बढ़ते हुए दिख रहे हैं, स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में कोरोना के 4302 एक्टिव केस हैं, वहीं इससे अब तक 44 लोगों की मौत हो चुकी है. ऐसे में कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय (Health Ministry) ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को जरूरी तैयारियों के निर्देश दिए हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा देश की जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसके लिए सभी जरूरी कदम समय रहते उठाए जा रहे हैं. आइए जानते हैं स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को क्या निर्देश दिए हैं....(खबऱ अपडेट की जा रही है)
बता दें कि 2 और 3 जून को स्वास्थ्य मंत्रालय ने समीक्षा बैठकें की, जिसकी अध्यक्षता DGHS की डॉ. सुनीता शर्मा ने की. इसमें राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (NCDC), ICMR, डिजास्टर मैनेजमेंट सेल, और राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया.
सभी राज्यों को निर्देश दिया गया है कि वे ऑक्सीजन, आइसोलेशन बेड, वेंटिलेटर और जरूरी दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें. 2 जून को ऑक्सीजन सप्लाई सिस्टम (जैसे PSA प्लांट, LMO टैंक और MGPS लाइन) की मॉक ड्रिल भी करवाई गई. वहीं 4 और 5 जून को अस्पताल स्तर पर भी मॉक ड्रिल की योजना बनाई गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके.
बता दें कि राज्य और जिला स्तर के सर्विलांस यूनिट्स ILI (इंफ्लुएंजा जैसी बीमारी) और SARI (गंभीर श्वसन संक्रमण) के मामलों पर बारीकी से नजर रख रहे हैं. इसके अलावा सभी SARI मामलों और 5% ILI मामलों की टेस्टिंग के निर्देश दिए गए हैं. पॉजिटिव पाए गए SARI सैंपल को ICMR की लैब में Whole Genome Sequencing के लिए भेजा जा रहा है, ताकि वायरस के वेरिएंट पर नजर रखी जा सके.
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक 4 जून 2025 तक देश में कुल 4,302 सक्रिय कोरोना मामले दर्ज किए गए हैं. इसके अलावा पिछले 24 घंटों में 864 नए केस सामने आए हैं. इस साल यानी 2025 में 1 जनवरी से अब तक कुल 44 मौतें दर्ज की गई हैं, इनमें से ज्यादातर मरीज पहले ही किसी बीमारी से पीड़ित थे.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.