साउथ सिनेमा
साउथ की आने वाली गैंगस्टर एक्शन ड्रामा ठग लाइफ (Thug Life) में 70 साल के कमल हासन (Kamal Haasan) को अपने से छोटी एक्ट्रेस 41 साल की अभिरामी (Abhirami) और 42 साल की तृषा कृष्णन (Trisha Krishnan) संग रोमांस करते हुए दिखाया गया है, जिसपर अब डायरेक्टर मणिरत्नम ने रिएक्ट किया है.
साउथ की आने वाली गैंगस्टर एक्शन ड्रामा ठग लाइफ (Thug Life) इस साल की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में से एक है. कमल हासन (Kamal Haasan) और मणिरत्नम (Maniratnam) साल 1987 की नायकन (Nayakan) के 38 साल बाद एक साथ वापस आ रहे हैं. ठग लाइफ का हाल ही में ट्रेलर रिलीज किया गया है, जो कि लोगों को काफी पसंद आया है, लेकिन 70 साल के कमल हासन (Kamal Haasan) को अपने से छोटी एक्ट्रेस 41 साल की अभिरामी (Abhirami) और 42 साल की तृषा कृष्णन (Trisha Krishnan) संग रोमांस करते हुए दिखाया गया है, जिसको लेकर लोगों ने सवाल खड़े किए हैं.
वहीं, अब मिड डे के साथ इंटरव्यू के दौरान मणिरत्नम ने ट्रेलर को मिली आलोचना पर अपनी चुप्पी तोड़ी है. फिल्म निर्माता ने कहा कि लोग स्क्रीन पर उम्र के अंतर से पुरुषों और महिलाओं के बीच संबंधों का आकलन करते हैं, लेकिन असल जिंदगी में भी ऐसी चीजें होती हैं. मणिरत्नम ने कहा, '' मैं इसे इस तरह से रखूं, असल जिंदगी में थोड़े बड़े लोग हैं, जो किसी छोटे व्यक्ति, पुरुष या महिला के साथ संबंध रखते हैं, ऐसे लोग हैं. यह लाइफ का एक फैक्ट है. यह लंबे समय से ऐसा ही है. यह अभी नहीं है. जब यह सिनेमा में होता है तो हम इसमें दोष ढूंढना या इस पर राय देने की कोशिश करते हैं, जिसका मतलब है आप अपने समाज में जो हो रहा है, उसे छिपाने या अपनी आंख बंद करने की कोशिश कर रहे हैं और दावा करते हैं कि यह केवल इसी तरह होना चाहिए.
डायरेक्टर ने आगे कहा, '' यह इस बारे में है कि ये दो लोग कैसे मिलते हैं. यह तृष्णा कृष्णन और कमल हासन के बारे में नहीं है. यह उनके संबंधित पात्रों के बारे में हैं. इसलिए ऐसा ही होना चाहिए और अगर आप फिल्म देखते हैं, रिश्ता, यह कैसा बना और यह वास्तविक है या नहीं, तो आप तृष्णा कृष्णन और कमल हासन के आधार पर नहीं, बल्कि इस पर निर्णय ले सकते हैं.
इससे पहले मुंबई में ठग लाइफ प्रेस मीट में तृष्णा ने कहा था कि वह आलोचनाओं के लिए तैयार थीं, लेकिन उन्हें यह भी कहा कि कमल हासन के साथ उनकी जोड़ी मैजिकल होगी. उन्होंने कहा, '' मुझे लगता है कि यह कुछ ऐसा है जो मुझे तब पता था, जब उन्होंने फिल्म की घोषणा की थी और मैंने इसे साइन भी नहीं किया था. इसलिए तभी मुझे लगा कि वाह यह मैजिकल है और मैं उस समय फिल्म का हिस्सा भी नहीं थी.
बता दें कि ठग लाइफ में कमल हासन, तृष्णा और अभिरामी के अलावा सिलंबरासन टीआर, ऐश्वर्या लक्ष्मी, अशोक सेल्वन, नासर, जोजू जॉर्ज, महेश मांजरेकर, अली फजल, सान्या मल्होत्रा और रोहित सराफ भी नजर आने वाले हैं. एआर रहमान की यह म्यूजिकल फिल्म 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.