साउथ सिनेमा
Mahavatar Narsimha फिल्म का ट्रेलर रिलीज हो गया है. इस वीडियो में धार्मिक आस्था से लेकर शानदार विजुअल्स देखने को मिलते हैं. ये वीडियो तेजी से इंटरनेट पर वायरल हो रहा है.
होम्बले फिल्म्स की 'महावतार नरसिम्हा' का ट्रेलर आज रिलीज कर दिया गया है. ये फिल्म आपको अनोखे सिनेमाई अनुभव का एहसास कराएगी. साथ ही इसकी ग्रैंड विजुअल और दमदार कहानी इसे और भी खास बनाती है. हाल ही में मेकर्स ने 'महावतार सिनेमैटिक यूनिवर्स' की ऐतिहासिक घोषणा की थी. अब इस मच अवेटेड फिल्म का ट्रेलर रिलीज हो गया है. फैंस को ये ट्रेलर बेहतरीन और शानदार लग रहा है.
महावतार नरसिम्हा के ट्रेलर में भारतीय इतिहास की एक महत्वपूर्ण कथा को भव्य अंदाज में पेश किया गया है. कहानी प्रह्लाद के इर्द-गिर्द घूमती है, जो भगवान विष्णु का परम भक्त है और जिनका सामना होता है उनके नास्तिक पिता हिरण्यकशिपु से, जिसे भगवान ब्रह्मा से अमरता का वरदान मिला है. ट्रेलर में आस्था की दहाड़ दिखाई देती है, जब भगवान विष्णु के अवतार, महावतार नरसिम्हा का जन्म होता है, प्रह्लाद की रक्षा के लिए उनका अवतरण इस कथा को दिव्य बना देता है. शानदार विजुअल्स और रोंगटे खड़े कर देने वाले बैकग्राउंड स्कोर से सजा ये ट्रेलर वाकई लाजवाब है. अपने इतिहास की इतनी जबरदस्त कहानी पहले नहीं देखी होगी.
फिल्म की प्रोड्यूसर शिल्पा धवन ने बताया कि इसे बनाने में पूरे 5 साल की मेहनत लगी है. साथ ही उन्होंने कहा कि फिल्म का विजुअल मास्टरपीस है जो सभी को निशब्द कर देगा. वहीं डायरेक्टर अश्विन कुमार ने कहा 'महावतार सिनेमैटिक यूनिवर्स की पहली एनिमेटेड फिल्म का ट्रेलर अब रिलीज हो चुका है, और वो भी वृंदावन की पवित्र धरती पर, जहां इसे श्रद्धेय इंद्रेश जी महाराज ने लॉन्च किया. इससे शुभ शुरुआत और क्या हो सकती थी! ये हमारा सपना था कि भारत की संस्कृति और विरासत को आज के दौर की मीडिया और स्क्रीन के जरिए जिंदा रखा जाए और आज वो सपना सच होता दिख रहा है.'
होम्बले फिल्म्स और क्लीम प्रोडक्शन्स ने मिलकर इस ग्रैंड एनिमेटेड फ्रैंचाइजी की आधिकारिक लाइनअप जारी कर दी है, जो अगले एक दशक तक भगवान विष्णु के दस दिव्य अवतारों की गाथा बताएगी. इस यूनिवर्स की शुरुआत होगी महावतार नरसिम्हा (2025) से, इसके बाद आएंगे महावतार परशुराम (2027), महावतार रघुनंदन (2029), महावतार द्वारकाधीश (2031), महावतार गोकुलानंद (2033), महावतार कल्कि पार्ट 1 (2035) और महावतार कल्कि पार्ट 2 (2037). इसे 5 भाषाओं में 25 जुलाई 2025 को रिलीज किया जाएगा.
यहां देखें ट्रेलर: