साउथ सिनेमा
अभिनेता कमल हासन (Kamal Haasan) ने ठग लाइफ के बैन और कन्नड़ भाषा विवाद के बीच कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है और अपनी फिल्म पर कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा लगाए गए बैन को हटाने की बात की है.
अभिनेता कमल हासन (Kamal Haasan) बीते कई दिनों से चर्चा में चल रहे हैं. दरअसल, उनकी फिल्म ठग लाइफ (Thug Life) , जो कि 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, उसपर कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स ने बैन लगा दिया गया है. यह बैन उनपर तब लगाया गया जब उन्होंने कन्नड़ भाषा को लेकर एक बयान दिया, जिसपर लोग काफी आहत हो गए और एक्टर की फिल्म पर रोक लगाने की मांग की. वहीं, अब एक्टर अपनी फिल्म रिलीज को लेकर हाई कोर्ट पहुंच गए हैं.
एक्टर को कर्नाटक में आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि उन्होंने दावा किया था कि कन्नड़ भाषा तमिल से उत्पन्न हुई है. एक्टर ने 24 मई को चेन्नई में ठग लाइफ के ऑडियो लॉन्च पर बोलते हुए कहा था, '' कन्नड़ तमिल से पैदा हुआ है. एक्टर के इस कमेंट के बाद से लगातार विरोध जारी है.
राज्य में 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली ठग लाइफ के बैन की उठी मांग को लेकर एक्टर ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. अपनी प्रोडक्शन कंपनी राज कमल फिल्म्स इंटरनेशनल ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी के माध्यम से दायर अपनी याचिका में कमल हासन ने अदालत से कर्नाटक राज्य सरकार, पुलिस विभाग और फिल्म व्यापार निकायों को फिल्म की रिलीज में बाधा न डालने का निर्देश देने की रिक्वेस्ट की है. याचिका में पुलिस महानिदेशक और शहर के पुलिस आयुक्त को स्क्रीनिंग के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देने की भी मांग की है.
बता दें कि कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स ((केएफसीसी) ने कन्नड़ सपोर्टर प्रदर्शनकारियों की मांग को मानते हुए कर्नाटक में फिल्म की रिलीज पर रोक लगा दिया था. केएफसीसी ने कमल हासन को पब्लिकली माफी मांगने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम देने के बाद 30 मई को यह फैसला सुनाया था. हालांकि कमल हासन ने माफी मांगने से इनकार कर दिया था. एक्टर ने कहा था, ''मुझे पहले भी धमकियां दी गई है. अगर मैं गलत हूं, तो मैं माफी मांगूंगा, अगर मैं गलत नहीं हूं, तो मैं माफी नहीं मांगूंगा. यह मेरी लाइफस्टाइल है, प्लीज इससे छेड़छाड़ न करें.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.