एंटरटेनमेंट
Why Sejal Pawar is Trending: स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणीत मोरे के शो में मेडिकल शवों पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद डॉ. सेजल पवार विवादों में हैं. जानें क्या है पूरा मामला, FIR और अस्पताल की कार्रवाई की अपडेट.
सोशल मीडिया पर इन दिनों स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणीत मोरे का शो और उसमें शामिल हुईं डॉ. सेजल पवार का वीडियो चर्चा का केंद्र बना हुआ है. '370 रुपये की बिरयानी' वाले विवाद के बाद, अब प्रणीत मोरे के शो से जुड़ी एक और क्लिप ने इंटरनेट पर हड़कंप मचा दिया है. इस वीडियो में मुंबई की डॉ. सेजल पवार द्वारा मेडिकल रिसर्च के लिए दान किए गए शवों पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी ने न केवल मेडिकल जगत, बल्कि आम जनता को भी झकझोर कर रख दिया है.
कॉमेडियन प्रणीत मोरे के शो में ऑडियंस के तौर पर बैठीं डॉ. सेजल पवार ने एक ऐसा बयान दिया, जिसे लेकर अब चौतरफा आलोचना हो रही है. वीडियो में उन्होंने मेडिकल कॉलेज के दिनों को याद करते हुए बताया कि कैसे पढ़ाई के दौरान वे और उनके साथी शवों के प्राइवेट पार्ट्स को लेकर भद्दे मजाक करते थे. यह बयान इतनी संवेदनहीनता के साथ दिया गया कि देखते ही देखते सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ नाराजगी का सैलाब उमड़ पड़ा.
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई के किंग एडवर्ड मेमोरियल (KEM) अस्पताल प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है. अस्पताल ने डॉ. सेजल पवार के इस वायरल बयान पर तुरंत संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं. प्रशासन ने एक कमेटी गठित की है जिसे जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं. इतना ही नहीं, महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने भी इस मामले में डॉ. सेजल के खिलाफ FIR दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें- हिमांशु कौन हैं, जिनकी 370 रुपये की बिरयानी ने छीन ली नौकरी? जानिए प्रणित के शो में ऐसा क्या हुआ था
डॉ. सेजल पवार के इस बयान ने पूरे मेडिकल प्रोफेशन की गरिमा पर सवाल खड़ा कर दिया है. 'महाराष्ट्र एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स' (MARD) और अन्य मेडिकल संगठनों ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. डॉक्टरों का मानना है कि मेडिकल क्षेत्र एक अत्यंत सम्मानजनक और पवित्र पेशा है, जहां 'डेड बॉडीज' को 'गुरु' के समान माना जाता है. ऐसे में, उनके अंगों का मजाक उड़ाना न केवल अनैतिक है, बल्कि इससे मरीजों का डॉक्टरों पर से विश्वास भी कम होता है.
डॉ. सेजल पवार मुंबई की रहने वाली एक चिकित्सक हैं और साथ ही सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के रूप में भी सक्रिय हैं. वह प्रणीत मोरे के कॉमेडी शो में एक दर्शक के तौर पर शामिल हुई थीं. वहां उन्होंने जिस तरह से हंसते हुए संवेदनशील मेडिकल रिसर्च के बारे में बेतुकी बातें साझा कीं, उसे लेकर लोग हैरान हैं. उनकी यही संवेदनहीनता अब उनके करियर के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है.
चारों ओर से हो रही आलोचना और कानूनी कार्रवाई के दबाव के बीच, डॉ. सेजल पवार ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से एक सार्वजनिक माफीनामा साझा किया है. उन्होंने हाथ जोड़कर अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा- "हाल ही में वायरल हुए वीडियो क्लिप को देखने के बाद मुझे अपनी गलती का एहसास हुआ है. मैंने जिस विषय पर बात की, वह बेहद संवेदनशील था और मेरी टिप्पणियों ने लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है. मैं अपनी इस गलती की पूरी जिम्मेदारी लेती हूं और आगे से ऐसी किसी भी चीज को दोहराने से बचूंगी."
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से