एंटरटेनमेंट
Who is Sakshi Jha: ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ में खुद को 'मैन-हेटर' बता चर्चा में आईं शिक्षिका साक्षी झा कौन हैं? क्या उनके विवादास्पद बयानों के बाद सच में उनकी नौकरी गई? जानें पूरा सच यहां.
Who is Sakshi Jha: कॉमेडियन समय रैना का शो 'इंडियाज गॉट लैटेंट' (India’s Got Latent) सीजन 2 इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. शो के तीसरे एपिसोड में एक ऐसी प्रतियोगी आईं जिन्होंने न केवल जजों का, बल्कि दर्शकों का भी पारा बढ़ा दिया है. दरअसल, हम बात कर रहे हैं साक्षी झा की, जिन्होंने मंच पर आते ही खुद को 'मैन-हेटर' घोषित कर सबको चौंका दिया.
साक्षी झा एक सोशल मीडिया पर्सनालिटी हैं, जिनके इंस्टाग्राम पर अब तक 16K फॉलोअर्स हैं. उनके सोशल मीडिया के बायो में लिखा है- पैट्रिऑर्की वर्स्ट नाइट मेयर. साक्षी बिहार की एक शिक्षिका हैं, जो इंडियाज गॉट लैटेंट के सीजन 2 में आकर सुर्खियों में हैं. शो में खुद को मैन-हेटर्स बताकर साक्षी इंटरनेट पर सबसे चर्चित और ट्रोल होने वाली हस्तियों में शामिल हो गई हैं.
शो के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ जब किसी प्रतियोगी को जजों के पैनल (तन्मय भट्ट, विशाल ददलानी, रघु राम और यशराज मेहरा) ने सर्वसम्मति से '0' स्कोर दिया. साक्षी ने मंच पर आते ही कहा, "नमस्कार लेडीज और उनके लव्ड वंस. मैं साक्षी झा हूं और मैं मैन-हेटर हूं. मुझे पुरुषों का ईगो तोड़ने में मजा आता है."
साक्षी यहीं नहीं रुकीं, उन्होंने यह तक कह दिया कि उन्हें अपने पिता, दादा और भाई तक पसंद नहीं हैं क्योंकि वे पुरुष हैं. जब उन्होंने बताया कि वह पेशे से एक टीचर हैं, तो पैनलिस्ट के चेहरे पर हैरानी साफ देखी जा सकती थी. शादी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने अजीबोगरीब बयान दिया कि वह शादी करना चाहती हैं, पर इसके बाद, अपने पति की खूब कुटाई करेंगी.
शो के होस्ट समय रैना ने पूछा कि कोई उन्हें धोखा क्यों देगा? साक्षी ने जवाब दिया कि शायद इसलिए क्योंकि वह ‘मैन-हेटर’ हैं. इसके अलावा, साक्षी ने अपने भविष्य को लेकर भी एक विवादित बात कही. साक्षी ने कहा कि वह शादी के बाद अपने पति को शराब पीकर बेल्ट से पीटना चाहती हैं. साक्षी ने इंडियाज गॉट लेटेंट में साफ-साफ कह दिया कि उन्हें पुरुषों से नफरत है.
एपिसोड का सबसे यादगार पल तब आया जब कंटेस्टेंट शिवम वर्मा माइकल जैक्सन के गेटअप में आए. होस्ट समय रैना ने साक्षी और शिवम के बीच पुरुषों को लेकर बहस शुरू करवाई, जिसमें शिवम के हाजिरजवाबी भरे वन-लाइनर्स ने दर्शकों का दिल जीत लिया. साक्षी के बेतुके बयानों के बीच शिवम की कॉमेडी ने माहौल को संभाल लिया.
अपने बयानों के बाद साक्षी झा को तीखी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है. नेटिज़न्स उनके वीडियो क्लिप्स पर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं.
एक यूजर ने उन्हें कॉमेडी का नकारात्मक स्वरूप बताया. कई यूजर्स ने उनकी फॉलोइंग लिस्ट का स्क्रीनशॉट शेयर कर आरोप लगाया कि वह खुद पुरुषों को फॉलो करती हैं. कई महिला यूजर्स ने कमेंट किया कि साक्षी के बयानों से महिलाएं खुद असहज महसूस कर रही हैं और उनके विचार पूरी महिला जाति का प्रतिनिधित्व नहीं करते.
सोशल मीडिया पर यह खबर आग की तरह फैल गई कि साक्षी झा को उनके विवादास्पद बयानों के चलते स्कूल से सस्पेंड कर दिया गया है. हालांकि, इसकी सच्चाई यह है कि अब तक न तो बिहार शिक्षा विभाग और न ही किसी संबंधित स्कूल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि या बयान जारी किया गया है. वर्तमान में यह केवल इंटरनेट पर चल रही अटकलें हैं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से