एंटरटेनमेंट
Who is Nikita Porwal: निकिता पोरवाल, इस बार वियतनाम में होने जा रहे मिस वर्ल्ड 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रही हैं. आइए जानते हैं कि आखिर उज्जैन की ये टैलेंटेड बेटी कौन हैं और ये क्या करती हैं.
Who is Nikita Porwal: ग्लोबल मंच पर एक बार फिर भारत का नाम रोशन करने के लिए देश की एक और बेटी पूरी तरह तैयार है. प्रतिष्ठित 'मिस वर्ल्ड 2026' प्रतियोगिता का आयोजन इस साल वियतनाम में होने वाला है. इस ब्यूटी पेजेंट में दुनिया भर के 130 देशों की खूबसूरत और प्रतिभाशाली सुंदरियां हिस्सा ले रही हैं. इस भव्य और कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच भारत की ओर से ताज अपने नाम करने की जिम्मेदारी फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024 रहीं निकिता पोरवाल के कंधों पर है. भारत ने इतिहास में रीता फारिया, ऐश्वर्या राय, डायना हेडन, युक्ता मुखी, प्रियंका चोपड़ा और मानुषी छिल्लर जैसी दिग्गजों के जरिए इस ताज को देश में लाया है. अब इसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने की बारी निकिता की है.
निकिता पोरवाल मूल रूप से मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक शहर उज्जैन की रहने वाली हैं. उनकी शुरुआती स्कूली शिक्षा उज्जैन के ही कार्मेल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल से पूरी हुई. इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने बड़ौदा का रुख किया और महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी ऑफ बड़ौदा से अपनी ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की. अपनी बौद्धिक क्षमता और आकर्षण के दम पर उन्होंने फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024 का खिताब अपने नाम किया था.
ग्लैमर और मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखने से पहले निकिता ने अपनी मेहनत के दम पर बहुत कम उम्र में काम करना शुरू कर दिया था. महज 18 वर्ष की आयु में उन्होंने एक टेलीविजन एंकर के रूप में अपने पेशेवर सफर की शुरुआत की थी. मीडिया और कला जगत में गहरी रुचि रखने वाली निकिता को अभिनय का भी शौक है. भविष्य में उनकी प्रबल इच्छा बॉलीवुड के मशहूर और दिग्गज निर्देशक संजय लीला भंसाली के साथ किसी फिल्म में काम करने की है. अब देखना यह है कि अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सौंदर्य के दम पर निकिता पोरवाल इस वैश्विक मंच पर भारत का झंडा कितना ऊंचा फहरा पाती हैं.
ये भी पढ़ें- कौन हैं वो सलमान-शाहरुख की हीरोइन? जिन्हें मां ने बनाया था Miss World, आज विदेशों में भी मचा रहीं धमाल