एंटरटेनमेंट
Jennifer Winget Second Wedding: जेनिफर विंगेट 16 जुलाई को बिजनेसमैन विलियम इश्माएल के साथ दूसरी शादी रचाने जा रही हैं? जानें कौन हैं उनके होने वाले पति और कहां होगी शादी की रस्में.
Jennifer Winget Second Wedding: टेलीविजन की सबसे लोकप्रिय और प्रतिभाशाली अभिनेत्रियों में शुमार जेनिफर विंगेट एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं. खबरों के अनुसार, अभिनेत्री अपने जीवन की नई शुरुआत करने जा रही हैं. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो जेनिफर विंगेट 16 जुलाई को अपने कथित बॉयफ्रेंड विलियम इश्माएल के साथ शादी के बंधन में बंधने वाली हैं. यह खबर सामने आते ही उनके फैंस के बीच उत्साह का माहौल है. साथ ही, सभी जानना चाहते हैं कि आखिर उनके होने वाले पति हैं कौन और क्या करते हैं.
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, जेनिफर और विलियम की यह शादी भारत में नहीं, बल्कि यूके (UK) में आयोजित की जाएगी. इस समारोह को बेहद निजी रखा गया है, जिसमें केवल परिवार के सदस्य और कुछ करीबी दोस्त ही शामिल होंगे. बताया जा रहा है कि शादी क्रिश्चियन रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न होगी. जेनिफर के ब्राइडल लुक को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं, कहा जा रहा है कि वे मशहूर डिजाइनर कार्लियो द्वारा तैयार किए गए एक शानदार व्हाइट गाउन में नजर आएंगी.
जेनिफर के होने वाले पति विलियम इश्माएल एक सफल व्यवसायी हैं. वे मूल रूप से सिंगापुर के रहने वाले हैं और वर्तमान में एमएचसी डिजिटल ग्रुप में बिजनेस डेवलपमेंट और ट्रेडिंग के डायरेक्टर के रूप में कार्यरत हैं. उनकी प्रोफेशनल प्रोफाइल काफी प्रभावशाली है. अक्टूबर 2022 से वे इस डिजिटल ग्रुप के साथ जुड़े हुए हैं.
विलियम का अनुभव फाइनेंस और बैंकिंग सेक्टर में काफी गहरा रहा है. एमएचसी से पहले, उन्होंने करीब एक दशक तक 'यूबीएस इन्वेस्टमेंट बैंक' में ट्रेडिंग और फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में अपनी सेवाएं दी हैं. शिक्षा की बात करें तो उन्होंने यॉर्क यूनिवर्सिटी से इकोनॉमिक्स और फाइनेंस की डिग्री हासिल की है.
यह जेनिफर विंगेट की दूसरी शादी होगी. इससे पहले उन्होंने साल 2012 में टीवी एक्टर करण सिंह ग्रोवर के साथ विवाह रचाया था. दोनों की पहली मुलाकात मशहूर शो 'दिल मिल गए' के सेट पर हुई थी. हालांकि, यह रिश्ता लंबे समय तक नहीं टिक सका और 2014 में आपसी सहमति से उनका तलाक हो गया. तलाक के कठिन दौर के बाद जेनिफर ने खुद को पूरी तरह से काम और अपने करियर के प्रति समर्पित कर दिया.
ये भी पढ़ें-करन से अपनी शादी को बताया था 'गलती', आज सिंगल लाइफ कर रही एंजॉय
जेनिफर विंगेट ने 'कसौटी जिंदगी की', 'सरस्वतीचंद्र', 'बेहद' और 'बेपनाह' जैसे हिट शोज के जरिए दर्शकों के दिलों पर राज किया है. विशेष रूप से 'बेहद' में 'माया मेहरोत्रा' के उनके किरदार को आज भी टीवी के सबसे यादगार किरदारों में गिना जाता है. टीवी के बाद उन्होंने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी अपनी धाक जमाई है. 'कोड एम' और 'रायसिंघानी वर्सेस रायसिंघानी' में उनके काम को दर्शकों ने खूब सराहा. जल्द ही वे परिणीति चोपड़ा के साथ डिजिटल प्रोजेक्ट 'तलाश: ए मदर्स सर्च' में नजर आएंगी.
फिलहाल फैंस को जेनिफर और विलियम की शादी की आधिकारिक घोषणा और उनकी शादी की तस्वीरों का बेसब्री से इंतजार है. सबी उनकी नई जिंदगी के लिए उन्हें ढेर सारी शुभकामनाएं दे रहे हैं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से