एंटरटेनमेंट
Who Is Himesh Patel: अखबार बांटने वाले लड़के से हॉलीवुड सुपरस्टार बनने तक का सफर! जानें क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म 'द ओडिसी' के स्टार हिमेश पटेल के बारे में 5 दिलचस्प और प्रेरणादायक बातें.
क्रिस्टोफर नोलन की हालिया रिलीज फिल्म 'द ओडिसी' (The Odyssey) ने दुनियाभर में धूम मचा दी है. 17 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक देने के साथ ही यह फिल्म पहले दिन ही बॉक्स ऑफिस पर 20.76 करोड़ की ग्रॉस कमाई की. फिल्म में मैट डेमन, टॉम हॉलैंड, जेंडाया और रॉबर्ट पैटिंसन जैसे बड़े सितारों का जमावड़ा है, लेकिन इन सबके बीच जिस अभिनेता ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा है, वह हैं ब्रिटिश-इंडियन स्टार हिमेश पटेल. इस फिल्म में वह होमर की महाकाव्य में ओडिसियस के दूसरे सबसे बड़े कमांडर 'यूरिलोचस' का किरदार निभा रहे हैं. आइए जानते हैं आखिर कौन हैं ये उभरते हुए हॉलीवुड सुपरस्टार.
हिमेश पटेल का जन्म 13 अक्टूबर 1990 को इंग्लैंड के कैम्ब्रिजशायर में हुआ था. उनका परिवार मूल रूप से भारतीय-गुजराती है, जो पूर्वी अफ्रीका से आकर यूनाइटेड किंगडम में बस गया था. उनके माता-पिता एक न्यूजएजेंट की दुकान चलाते थे. छात्र जीवन के दौरान हिमेश ने अपने माता-पिता की मदद करने के लिए न केवल दुकान पर काम किया, बल्कि अखबार बांटने का काम भी किया. उनका यह विनम्र सफर आज उन्हें हॉलीवुड के शिखर तक ले आया है.
हिमेश का झुकाव बचपन से ही एक्टिंग की ओर था. उन्होंने स्थानीय थिएटर ग्रुप से जुड़कर अभिनय की बारीकियां सीखीं. महज 16 साल की उम्र में उन्हें बीबीसी के मशहूर शो 'ईस्टएंडर्स' (EastEnders) में 'तमवार मसूद' का रोल मिला. वे 2007 से 2016 तक इस शो का अहम हिस्सा रहे, जिसने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई.
बड़े पर्दे पर हिमेश ने डैनी बॉयल की 2019 की म्यूजिकल कॉमेडी 'यस्टरडे' (Yesterday) से धमाकेदार शुरुआत की. फिल्म में उन्होंने एक संघर्ष कर रहे म्यूजिशियन का किरदार निभाया था, जो अचानक एक ऐसी दुनिया में जागता है जहां 'द बीटल्स' का म्यूजिक सिर्फ उसी को याद रहता है. इस फिल्म ने उन्हें रातों-रात हॉलीवुड की सुर्खियों में ला दिया.
क्रिस्टोफर नोलन के साथ हिमेश का सफर 2020 की फिल्म 'टेनेट' से शुरू हुआ, जिसमें उन्होंने 'माहिर' का किरदार निभाया था. यह प्रोजेक्ट उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ. 'द ओडिसी' नोलन के साथ उनका दूसरा बड़ा प्रोजेक्ट है, जो यह साबित करता है कि नोलन को हिमेश की प्रतिभा पर कितना भरोसा है.
हिमेश पटेल की सफलता की कहानी यहीं नहीं रुकती. उन्होंने 'डोंट लुक अप' (Don't Look Up), नेटफ्लिक्स की 'एनोला होम्स' (Enola Holmes) में डॉ. जॉन वॉटसन और HBO की 'द फ्रेंचाइज' (The Franchise) जैसी फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवाया है. इसके अलावा 'स्टेशन इलेवन' और 'द वंडरफुल स्टोरी ऑफ हेनरी शुगर' जैसे प्रोजेक्ट्स ने उन्हें एक बहुमुखी अभिनेता की पहचान दी है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से