एंटरटेनमेंट
The Odyssey Vs Ramayan: क्या क्रिस्टोफर नोलन की 'द ओडिसी' और 'रामायण' के बीच कोई गहरा नाता है? जानिए वो 4 चौंकाने वाली समानताएं जो दोनों महाकाव्यों को एक-दूसरे के करीब लाती हैं.
क्रिस्टोफर नोलन की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'द ओडिसी' (The Odyssey) 17 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. होमर की प्राचीन ग्रीक गाथा पर आधारित यह फिल्म दर्शकों का दिल जीत रही है. फिल्म की भव्यता और कहानी को लेकर हर तरफ चर्चा है, लेकिन सबसे अधिक सुर्खियां बटोर रही है इसकी कहानी में भारतीय महाकाव्य 'रामायण' से मिलती-जुलती झलक. दर्शकों और विशेषज्ञों का मानना है कि नोलन की इस फिल्म और रामायण के बीच कुछ ऐसी समानताएं हैं, जिन्हें नजरअंदाज करना मुश्किल है. चलिए तो हम आपको ऐसे 4 समानताओं के बारे में बताते हैं, जिन्हें जानकर आप हैरान हो सकते हैं.
रामायण में माता सीता के स्वयंवर का दृश्य हम सभी को याद है, जहाँ भगवान श्री राम ने भगवान शिव के धनुष पर प्रत्यंचा चढ़ाकर उसे तोड़ा था. 'द ओडिसी' में भी एक ऐसा ही दृश्य है. फिल्म के अंत में जब रानी पेनेलोप अपने लापता पति के इंतजार में हार मान लेती हैं और स्वयंवर की प्रतियोगिता शुरू होती है, तब ओडिसियस का आगमन होता है और वह धनुष पर प्रत्यंचा चढ़ाने का अद्भुत कौशल दिखाता है. यह दृश्य सीधे तौर पर भगवान राम के पराक्रम की याद दिलाता है.
रामायण में भगवान राम वनवास के दौरान एक सुंदर हिरण का पीछा करते हैं, जो वास्तव में मारीच का छलावा होता है, ताकि रावण माता सीता का हरण कर सके. 'द ओडिसी' में भी एक ऐसा ही सीन है जहां राजा एक हिरण का पीछा करता है और उसे पकड़ लेता है. बाद में उसे पता चलता है कि वह कोई साधारण हिरण नहीं, बल्कि एक इंसान है जिसने मायावी भेष धारण कर रखा था.
रामायण में रावण धोखे से माता सीता का हरण कर उन्हें लंका की अशोक वाटिका में बंदी बनाकर रखता है. ठीक इसी तरह 'द ओडिसी' में भी मुख्य पात्र की पत्नी, रानी पेनेलोप की स्थिति को दिखाया गया है. पेनेलोप अपने ही महल में एक प्रकार की कैदी बनी रहती हैं, जहाँ कई दावेदार उनसे विवाह का दबाव बना रहे होते हैं, लेकिन वह अपने पति की प्रतीक्षा में अडिग रहती हैं.
रामायण का मूल सार ही श्री राम की 'घर वापसी' है. 14 साल का कठिन वनवास, रावण का वध और अंत में अयोध्या लौटना—यह पूरी यात्रा बलिदान और धैर्य की कहानी है. 'द ओडिसी' भी इसी थीम पर आधारित है. ट्रोजन युद्ध में ट्रॉय को जीतने के बाद राजा ओडिसियस को अपने घर तक पहुंचने के लिए वर्षों के संघर्ष और समुद्र की बाधाओं का सामना करना पड़ता है, जो श्रीराम की विजय यात्रा के समानांतर प्रतीत होती है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से