एंटरटेनमेंट
Health Crisis in Bollywood: सोनू निगम, अलका याग्निक और सुनिधि चौहान जैसे बॉलीवुड के दिग्गज सिंगर्स इन दिनों गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं. जानें सुरों के इन जादूगरों की सेहत का ताजा अपडेट.
Bollywood Singers Health Struggle: बॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए पिछले कुछ समय से समय काफी चुनौतीपूर्ण रहा है. फिल्म जगत के बेहतरीन गायकों को एक के बाद एक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. सोनू निगम से लेकर अलका याग्निक तक, कई दिग्गज गायकों की सेहत को लेकर आई अपडेट्स ने उनके चाहने वालों को चिंता में डाल दिया है.
हाल ही में प्रसिद्ध गायक सोनू निगम ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर बताया कि वे 'पिंच्ड नर्व' यानी नसों के दबने की दर्दनाक समस्या से जूझ रहे हैं. पिछले एक हफ्ते से उनका इलाज चल रहा है, जिसमें एमआरआई, सीटी स्कैन और काफी कष्टदायक फिजियोथेरेपी शामिल है. सिंगर ने बताया कि भारी पेनकिलर्स के सेवन से उनका गला भी भारी महसूस हो रहा है, हालांकि वे अपने आगामी कॉन्सर्ट को लेकर प्रतिबद्ध हैं.
मशहूर प्लेबैक सिंगर अलका याग्निक ने जून 2024 में अपने फैंस को यह बताकर स्तब्ध कर दिया था कि उन्हें एक दुर्लभ बीमारी हो गई है. डॉक्टरों ने इसे 'सेंसरी न्यूरल नर्व हियरिंग लॉस' बताया है, जो एक वायरल इंफेक्शन के कारण हुआ था. इसके बाद से सिंगर ने सार्वजनिक मंचों और सिंगिंग प्रोजेक्ट्स से दूरी बना ली है. उन्होंने साथी कलाकारों और युवाओं को तेज संगीत और हेडफोन के अत्यधिक इस्तेमाल के प्रति आगाह भी किया था.
यो यो हनी सिंह का संघर्ष किसी से छिपा नहीं है. वे लंबे समय तक 'बाइपोलर डिसऑर्डर' और 'साइकोसिस' जैसी गंभीर मानसिक स्थिति से जूझे. इस दौरान उन्हें बहुत अधिक मेनिया और पैरानोइया का सामना करना पड़ा, जिसके कारण उन्होंने खुद को दुनिया से अलग कर लिया था. हालांकि, अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से उन्होंने न केवल इस बीमारी को हराया, बल्कि करियर में शानदार वापसी भी की.
अपनी दमदार आवाज के लिए मशहूर सुनिधि चौहान को एक वर्ल्ड टूर के दौरान फ्लू के कारण 'वोकल कॉर्ड' में गंभीर चोट लग गई थी. स्थिति तब और बिगड़ गई जब चोटिल होने के बावजूद उन्होंने गाने का प्रयास किया. सूजन के कारण उन्हें तत्काल अपना टूर रद्द कर लंबे समय तक पूर्ण विश्राम लेना पड़ा था.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से