एंटरटेनमेंट
Sonu Nigam Share Health Update: बॉलीवुड के मशहूर सिंगर सोनू निगम गले की नस दबने की समस्या से जूझ रहे हैं. लगातार हो रहे एमआरआई और सीटी स्कैन के बीच उन्होंने अपने स्वास्थ्य का अपडेट दिया.
Sonu Nigam Share Health Update: बॉलीवुड की अपनी सुरीली आवाज से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले मशहूर सिंगर सोनू निगम इन दिनों एक चुनौतीपूर्ण स्वास्थ्य समस्या से गुजर रहे हैं. सिंगर ने सोशल मीडिया पर अपने फैंस को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि वह पिछले एक हफ्ते से नसों से जुड़ी एक दर्दनाक समस्या का सामना कर रहे हैं. आगे सोनू निगम में यह भी बताया कि उनकी ट्रिटमेंट अभी जारी है.
सोनू निगम ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर अपनी हेल्थ का अपडेट दिया. उन्होंने बताया कि उन्हें 'पिंच्ड नर्व' (नसों के दबने) की समस्या हुई है. सिंगर ने कहा, "पिछले एक हफ्ते से मेरे एमआरआई और सीटी स्कैन हो रहे हैं. मेरी नसें दब गई हैं, जिसके कारण मुझे काफी तकलीफ हो रही है और मैं भारी दवाइयां लेने को मजबूर हूं." उन्होंने साझा किया कि इस स्थिति में उन्हें लगातार मेडिकल केयर, स्कैन और फिजियोथेरेपी से गुजरना पड़ रहा है.
अपनी बीमारी के बारे में बात करते हुए सोनू ने बताया कि फिजियोथेरेपी के सेशन उनके लिए काफी कष्टदायक रहे हैं. उन्होंने कहा, "फिजियोथेरेपी बहुत दर्दनाक थी. फिलहाल मैं पेनकिलर्स पर हूं, जिसका असर मेरे गले पर भी पड़ रहा है और आवाज थोड़ी भारी महसूस हो रही है."
इतनी गंभीर शारीरिक तकलीफ के बावजूद, सोनू निगम ने अपने फैंस का दिल जीत लिया है. उन्होंने साफ कर दिया है कि वे अपना मुंबई कॉन्सर्ट कैंसिल नहीं करेंगे. सिंगर का मानना है कि वे लंबे समय बाद परफॉर्म करने को लेकर बेहद उत्साहित हैं और अपने फैंस से किए गए वादे को निभाना चाहते हैं. दर्द और दवाओं के असर के बावजूद, सोनू को पूरा भरोसा है कि वे स्टेज पर जाकर बेहतरीन प्रदर्शन कर पाएंगे.
सोनू निगम का यह वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर उनके फैंस की ओर से प्यार और दुआओं की झड़ी लग गई है. कमेंट सेक्शन में फैंस न केवल उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं, बल्कि बीमारी में भी काम करने के प्रति उनके समर्पण और जज्बे की जमकर सराहना भी कर रहे हैं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से