एंटरटेनमेंट
शाहरुख खान ने दिल्ली के पंचशील पार्क में अपनी यादों से जुड़ी बिल्डिंग को 37 करोड़ में खरीदा. जानिए कैसे गौरी खान ने इस घर को अपनी पुरानी यादों का आशियाना बनाया.
Shahrukh-Gauri Home Photos: बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान ने हाल ही में दिल्ली के पॉश इलाके पंचशील पार्क में एक रिहायशी बिल्डिंग की दूसरी और तीसरी मंजिल खरीदकर इसे पूरी तरह अपना बना लिया है. खबरों के अनुसार, इस सौदे की कीमत लगभग 37 करोड़ रुपये है. इससे पहले भी शाहरुख खान के पास इस बिल्डिंग का बेसमेंट और पहली मंजिल मौजूद थी, लेकिन अब वे पूरी प्रॉपर्टी के इकलौते मालिक बन गए हैं.

यह घर शाहरुख और गौरी के लिए केवल एक संपत्ति नहीं, बल्कि उनके भावनात्मक सफर का हिस्सा है. 1991 में शादी के बाद, मुंबई शिफ्ट होने से पहले इस कपल ने अपनी खुशहाल विवाहित जिंदगी की शुरुआत इसी घर में की थी. दिल्ली में जन्में और पले-बढ़े शाहरुख और गौरी के लिए यह जगह उनके शुरुआती संघर्षों और सुनहरी यादों की साक्षी रही है.
गौरी खान ने एक पुराने इंटरव्यू में इस घर के प्रति अपने लगाव को साझा किया था. उन्होंने बताया कि इस घर के हर कोने में उनके बच्चों- आर्यन, सुहाना और अबराम के बचपन की झलक दिखती है. घर में एक खास 'नॉस्टेल्जिया वॉल' (पुरानी यादों वाली दीवार) है, जहां उन्होंने सुहाना के मेकअप ब्रश, आर्यन के बैडमिंटन रैकेट और शाहरुख द्वारा दिए गए तोहफों को फ्रेम करवाकर सजाया है.

यह आलीशान प्रॉपर्टी लगभग 1,200 स्क्वायर यार्ड (10,800 स्क्वायर फीट) के बड़े प्लॉट पर स्थित है. इसे न केवल एक निवेश, बल्कि अपने अतीत को संजोने के लिए शाहरुख-गौरी का एक निजी प्रयास माना जा रहा है. गौरी खान का कहना है कि वे चाहती थीं कि उनकी पुरानी यादें एक छत के नीचे सुरक्षित रहें, और उनका यह दिल्ली वाला घर उन यादों का सबसे बेहतरीन ठिकाना है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से