एंटरटेनमेंट
Satluj Star Cast: दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'सतलुज' विवादों के बीच चर्चा में है. सरकार द्वारा बैन के बाद फिल्म के सितारों की एक्टिंग की खूब तारीफ हो रही है. जानें पूरी स्टारकास्ट का विवरण.
Satluj Star Cast: दिलजीत दोसांझ की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'सतलुज' इन दिनों सुर्खियों में है. फिल्म को लेकर गहराए विवाद के कारण भारत सरकार ने इसे सिनेमाघरों में रिलीज करने पर रोक लगा दी. विवादों का सिलसिला तब और बढ़ गया जब मेकर्स ने इसे OTT प्लेटफॉर्म 'जी5' (ZEE5) पर रिलीज किया, लेकिन रिलीज के सिर्फ 4 घंटे बाद ही इसे वहां से भी हटा दिया गया. इस पूरे घटनाक्रम के बावजूद, फिल्म के सितारों का अभिनय दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. आइए जानते हैं 'सतलुज' के उन 7 प्रमुख सितारों के बारे में, जिनकी एक्टिंग ने खूब वाहवाही बटोरी है.
फिल्म में दिलजीत दोसांझ मुख्य भूमिका में हैं. उन्होंने 'जसवंत सिंह' का किरदार निभाया है. जिन दर्शकों ने बैन से पहले फिल्म को देखा, वे दिलजीत के गंभीर और प्रभावशाली अभिनय की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं.
'धुरंधर 2' में अपनी बेहतरीन एक्टिंग का लोहा मनवाने वाले अर्जुन रामपाल ने इस फिल्म में भी एक अहम भूमिका निभाई है. दिलजीत के साथ उनकी स्क्रीन प्रेजेंस को दर्शकों ने काफी सराहा है.
फिल्म में गीतिका ने दिलजीत दोसांझ की पत्नी की भूमिका निभाई है. उनकी सादगी और सशक्त अभिनय ने सोशल मीडिया पर दर्शकों का दिल जीत लिया है.
पंजाबी सिनेमा के बाद बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाने वाले जगजीत संधू ने 'सतलुज' में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. भले ही भारत की एक बड़ी आबादी इसे देख नहीं पाई, लेकिन जो भी उन्हें देख सके, वे उनकी अदाकारी के मुरीद हो गए हैं.
'कोहरा' जैसी वेब सीरीज से अपनी धाक जमाने वाले सविंदरपाल विक्की इस फिल्म में नेगेटिव भूमिका में हैं. उन्होंने एक भ्रष्ट पुलिस अफसर का किरदार निभाया है, जिसमें उनका प्रदर्शन बेहद डरावना और प्रभावी है.
टीवी की दुनिया से बॉलीवुड में कदम रखने वाले मंझे हुए कलाकार कंवलजीत सिंह इस फिल्म में नेगेटिव किरदार निभाते नजर आ रहे हैं. उनका अनुभव फिल्म को एक अलग गहराई देता है.
वरुण बडोला फिल्म में जसवंत सिंह के वकील की भूमिका में हैं. वे पूरी फिल्म में दिलजीत के किरदार के साथ खड़े दिखाई देते हैं और पंजाब के ज्वलंत मुद्दों पर कानूनी बहस करते नजर आते हैं.
'सतलुज' केवल अपनी कहानी के कारण ही नहीं, बल्कि फिल्म के कलाकारों द्वारा निभाए गए किरदारों की गंभीरता के कारण भी चर्चा में है. फिल्म पर लगे प्रतिबंध और OTT से इसे हटाए जाने के फैसले के बाद, इन सितारों का अभिनय लोगों के लिए और भी अधिक जिज्ञासा का विषय बन गया है. सोशल मीडिया पर फैंस इन सितारों की एक्टिंग की जमकर तारीफ कर रहे हैं और फिल्म की जल्द रिलीज की मांग भी कर रहे हैं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से