एंटरटेनमेंट
Sanchita Ugale Death Mystery: टीवी एक्ट्रेस संचिता उगले के निधन से मनोरंजन जगत सदमे में है. नालासोपारा में उनका शव मिलने के बाद सुशांत सिंह राजपूत केस से तुलना क्यों हो रही है? जानें पूरी सच्चाई.
टेलीविजन और फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. ‘कुमकुम भाग्य’ और ‘वागले की दुनिया’ जैसे लोकप्रिय शोज में अपनी अदाकारी का जलवा बिखेर चुकीं अभिनेत्री संचिता उगले अब हमारे बीच नहीं रहीं. महज 30 साल की उम्र में उनका निधन मनोरंजन जगत के लिए एक बड़ा झटका है.
मिली जानकारी के अनुसार, 14 जून की शाम मुंबई के नालासोपारा स्थित उनके आवास पर संचिता का शव फंदे से लटका मिला. परिवार ने जब उन्हें इस हालत में देखा, तो आनन-फानन में उन्हें वसई-विरार म्यूनिसिपल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे मामले की गुत्थी और उलझ गई है.
ये भी पढ़ें- इंडस्ट्री में नहीं था कोई सहारा! जब आउटसाइडर होने का दर्द झेल रही थीं संचिता उगले, मौत पर किसने क्या कहा?
संचिता ने अपनी मेहनत के दम पर इंडस्ट्री में पहचान बनाई थी. उन्होंने ‘कुमकुम भाग्य’ में दीया टंडन का किरदार निभाया था. इसके अलावा, उन्होंने ‘दिलवाली दुल्हा ले जाएगी’, ‘सजन घर’ और हाल ही में फिल्म ‘छावा’ और ‘साइलेंस 2’ जैसे प्रोजेक्ट्स में काम किया था. वे सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थीं और अक्सर अपने रील वीडियो के जरिए फैंस से जुड़ी रहती थीं.
निधन से कुछ दिन पहले ही संचिता ने सोशल मीडिया पर बेहद खुश नजर आते हुए रील साझा की थी. उनके मुस्कुराते चेहरे को देखकर किसी को अंदाजा भी नहीं था कि वह अंदर से इतनी परेशान थीं. हाल ही में एक बातचीत में उन्होंने काम के भारी दबाव, 17-18 घंटे की शूटिंग और यात्रा के कारण निजी जीवन में आ रहे तनाव का जिक्र किया था.
ये भी पढ़ें- इन 5 शानदार फिल्मों के लिए जाने जाते हैं Sushant Singh Rajput, अब तक नहीं देखी तो बहुत कुछ कर रहे हैं मिस!
सोशल मीडिया पर फैंस संचिता की मौत की तुलना सुशांत सिंह राजपूत के निधन से कर रहे हैं. इसकी मुख्य वजह यह है कि संचिता की मृत्यु की तारीख (14 जून) वही है, जिस दिन 2020 में सुशांत सिंह राजपूत का निधन हुआ था. IANS से पूछताछ के बीच संचिता के भाई आकाश ने बताया कि बहन का सोशल मीडिया पर आखिरी पोस्ट सुशांत सिंह से जुड़ा था. दरअसल, संचिता ने रविवार को सुशांत की पुण्यतिथि पर याद करते हुए एक पोस्ट में लिखा था- फिर से 14 जून आ गया.
इसके अलावा, कम उम्र में एक उभरते कलाकार का संदिग्ध परिस्थितियों में जाना लोगों को सुशांत केस की यादें ताजा करने पर मजबूर कर रहा है. लोग मांग कर रहे हैं कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो ताकि सच सामने आ सके.
फिलहाल पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सटीक वजह स्पष्ट हो पाएगी. संचिता के माता-पिता और बहन गहरे सदमे में हैं. टीवी जगत के उनके साथी कलाकार सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से