Advertisement

Saif Ali Khan Attack: सैफ अली खान पर हमले के आरोपी की पहचान, दर्जनों गाड़ी वाले एक्टर ऑटो में गए अस्पताल, पढ़ें 5 अपडेट

Saif Ali Khan Attack: फिल्म अभिनेता सैफ अली खान पर उनके ही घर के अंदर घुसकर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला किया गया है. अभिनेता का ऑपरेशन हुआ है, जिसके बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. 

Saif Ali Khan Attack: सैफ अली खान पर हमले के आरोपी की पहचान, दर्जनों गाड़ी वाले एक्टर ऑटो में गए अस्पताल, पढ़ें 5 अपडेट
Add DNA as a Preferred Source

Saif Ali Khan Attack: फिल्म अभिनेता सैफ अली खान (Saif Ali Khan) पर बुधवार देर रात 2 बजे चाकुओं से घातक हमला हुआ है. सैफ अली खान के ऊपर मुंबई के बांद्रा की Satguru Sharan बिल्डिंग में उनके घर के अंदर घुसकर चाकू से हमला किया गया है. बताया जा रहा है कि कोई चोर उनके घर में चोरी के इरादे से फायर एस्केप के जरिये घुसा था, जहां नौकरानी के उसे देखकर चिल्लाने पर सैफ अली खान आ गए. सैफ अली खान चोर के साथ भिड़ गए, जिस पर उसने चाकू निकालकर करीब 6 बार वार किया है और इसके बाद फरार हो गया. फिल्म अभिनेता को गंभीर हालत में उनके बेटे इब्राहिम अली खान ने लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका घंटों लंबा ऑपरेशन किया गया है. सैफ अली खान की हालत अब स्थिर बताई जा रही है. इस घटना के बाद फिल्म जगत से लेकर राजनीतिक हलके तक, हर तरफ हंगामा मच गया है. मुंबई पुलिस (Mumbai Police) ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

आइए जानते हैं इस मामले में 5 नए अपडेट्स क्या सामने आए हैं.

1- आरोपी की हो गई है पहचान, मौके पर मिले हैं फिंगरप्रिंट्स
मुंबई पुलिस के DCP जोन-9 दीक्षित गेदाम ने मीडिया से कहा है कि सैफ अली खान पर हमला नहीं उनके घर में घुसने का मोटिव चोरी का प्रयास था. आरोपी ने फायर एस्केप के जरिये घर में एंट्री ली है. अब तक सामने आई जांच में एक आरोपी की पहचान हुई है और उसे गिरफ्तार करने के लिए टीमों को लगाया गया है. अलग-अलग लोकेशन पर 10 टीमें काम कर रही हैं. इससे पहले सैफ अली खान के घर पर घटनास्थल की जांच करने पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी आरोपी के फिंगरप्रिंट्स मिलने का दावा किया था.

2- 'सैफ की हड्डी में फंसा था 2.5 इंच का चाकू का टुकड़ा'
सैफ अली खान की हालत को लेकर लीलावती हॉस्पिटल के डॉ. नितिन दांगे ने कहा है कि उनकी हालत अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं. उन्होंने बताया कि सैफ अली खान की रीढ़ की हड्डी में चाकू लगने के कारण गंभीर चोट आई है. सैफ अली खान के शरीर पर चाकू के 6 निशान थे. उनकी गर्दन, हाथ और रीढ़ की हड्डी में चाकू मारा गया था, जिनमें से एक घाव में चाकू का करीब 2.5 इंच लंबा टुकड़ा टूटकर रीढ़ की हड्डी में फंस गया था. इस टुकड़े को सर्जरी के जरिये निकाल दिया गया है और स्पाइनल फ्लूएड में हुए लीक को भी रिपेयर कर दिया गया है. उनके शरीर पर दो अन्य गहरे घाव बाएं हाथ और गर्दन में थे, जिन्हें प्लास्टिक सर्जरी के जरिये छिपा दिया गया है.' सैफ अली खान की न्यूरोसर्जरी और प्लास्टिक सर्जरी की गई है. अगले एक-दो दिन में उनकी हालत सुधरने के बाद उन्हें ICU से डिस्चार्ज कर दिया जाएगा.

3- दर्जनों गाड़ियों के बावजूद ऑटोरिक्शा से पहुंचे अस्पताल
सैफ अली खान फिल्म अभिनेता होने के साथ ही दिल्ली के पास गुरुग्राम (Gurugram) के पटौदी इलाके की पूर्व रियासत के मौजूदा नवाब भी हैं. अरबों रुपये की संपत्ति के मालिक सैफ अली खान के पास करोड़ों रुपये की दर्जनों कार हैं. लेकिन गंभीर घायल होने पर ड्राइवर के मौजूद नहीं होने के चलते उन्हें ऑटोरिक्शा में बैठकर अस्पताल पहुंचना पड़ा. जानकारी के मुताबिक, सैफ अली खान के गंभीर रूप से घायल होने पर उनके बेटे इब्राहिम अली खान ने उन्हें ऑटो रिक्शा में बैठाया और रात करीब 3.30 बजे लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया. 

4- नौकरानी की तरफ से दर्ज हुई FIR, पुलिस करेगी सैफ से पूछताछ
सैफ पर हुए हमले की रिपोर्ट बांद्रा पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई है. यह रिपोर्ट भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 119 के तहत सैफ अली खान की नौकरानी की तरफ से दी गई शिकायत के आधार पर दर्ज की गई है. नौकरानी ही सैफ पर हमले के समय वहां मौजूद थी और हमले की चश्मदीद गवाह है. बांद्रा पुलिस का कहना है कि इस घटना के बारे में जांच टीम सैफ अली खान से भी पूछताछ की जाएगी, क्योंकि यह माना जा रहा है कि चोर बताया जा रहा हमलावर कई घंटे पहले से ही घर में मौजूद था. घर में किसी भी तरह की फोर्स एंट्री के निशान नहीं मिले हैं. ऐसे में चोर को अंदर आने का मौका कैसे मिला? ऐसे सवालों के बारे में सैफ से पूछताछ कर घटनाक्रम जानने की कोशिश की जाएगी. हालांकि लीलावती अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि सैफ की हालत में सुधार होने के बाद ही पुलिस टीम को उनसे मिलने की इजाजत मिलेगी.

5- कानून-व्यवस्था पर उठे सवालों को फडणवीस ने नकारा
सैफ अली खान पर हमले के बाद मुंबई में कानून व्यवस्था पर फिल्मी कलाकारों से लेकर राजनेताओं और आम जनता तक ने सवाल उठाए हैं. हालांकि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इन सवालों को नकार दिया है. उन्होंने कहा,'पुलिस ने आपको सारी जानकारी दी हुई है. यह कैसा हमला, किस मंशा से हुआ है. ये सारी जानकारी सामने आ चुकी है. केवल एक घटना के आधार पर यह कहना गलत है कि मुंबई की कानून व्यवस्था लचर है. मुंबई को असुरक्षित कहना गलत है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है.'

ख़बर की और जानकारी के लिए डाउनलोड करें DNA App, अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगलफेसबुकxइंस्टाग्रामयूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.

Read More
Advertisement
Advertisement
Advertisement