एंटरटेनमेंट
Pradeep Rawat First Marriage:महाभारत और गजनी फेम अभिनेता प्रदीप रावत की पर्सनल लाइफ के अनसुने राज. जानिए क्यों सिर्फ 5 महीने में टूट गई थी उनकी पहली शादी और कैसे हुई दूसरी पत्नी कल्याणी रावत से दिलचस्प मुलाकात.
भारतीय सिनेमा में अपनी आवाज और खूंखार खलनायकी से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले दिग्गज अभिनेता प्रदीप रावत की 74 की उम्र में मौत हो गई है. उन्होंने करियर के मामले में अपनी जिंदगी में काफी उतार-चढ़ाव देखे हैं. बी.आर. चोपड़ा के ऐतिहासिक टीवी धारावाहिक 'महाभारत' में अमर 'अश्वत्थामा' का अहम किरदार निभाया था. इस रोल ने प्रदीप रावत को घर-घर में बड़ी पहचान दिलाई. इसके अलावा, उन्होंने फिल्मों में भी यादगार भूमिकाएं निभाई हैं.
प्रदीप रावत ने आमिर खान की ब्लॉकबस्टर 'लगान' में 'देवा सिंह सोढ़ी' के किरदार से अपने फैंस का दिल जीता है. इतना ही नहीं, देश की पहली 100 करोड़ी फिल्म 'गजनी' में भी खूंखार विलेन का शानदार रोल निभाया. इस तरह, उनकी अदाकारी ने दर्शकों के जेहन में घर बना लिया. उन्होंने, हिंदी जगत के अलावा प्रदीप ने तेलुगु, तमिल और कन्नड़ सिनेमा में भी अपनी पहचान बनाई है, लेकिन उनके फिल्मी करियर की चर्चा के अलावा, हैरान करने वाली उनकी पर्सनल लाइफ की कहानी भी औरों से बहुत अलग है.
प्रदीप रावत की निजी जिंदगी में एक दौर ऐसा भी आया था, जिसकी चर्चा अभिनेता ने एक इंटरव्यू के दौरान की थी. इसमें उनहोंने खुद खुलकर अपनी पहली शादी और उससे जुड़ी आई परेशानियों के बारे में बात की थी. हालांकि उन्होंने अपनी पहली पत्नी की पहचान को लेकर ज्यादा जानकारी नहीं दी थी, लेकिन उनके तलाक की कहानी काफी चौंकाने वाली थी. प्रदीप रावत के मुताबिक, उनकी पहली शादी महज साढ़े 5 महीने में ही टूट गई थी. उस वक्त उनकी पहली पत्नी गर्भवती भी थीं.
प्रदीप ने इंटरव्यू में खुलासा करते हुए बताया कि उस वक्त धारा 498A के तहत उनके परिवार पर झूठा इल्जाम लगाया गया था कि अभिनेता शराब पीकर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करते हैं. हालांकि, वह मामला एक महीने के भीतर ही बंद हो गया था, क्योंकि सच्चाई सामने आ गई थी. बाद में, उनकी पहली पत्नी ने वकील के सामने अपनी सारी गलती मान ली और सब कुछ कबूल लिया.
पहली शादी के कड़वे समापन के बाद, प्रदीप रावत की जिंदगी में प्यार ने दोबारा एंट्री ली और उनकी मुलाकात कल्याणी रावत से हुई. मीडिया से बातचीत के दौरान, अभिनेता ने अपनी लव स्टोरी का दिलचस्प किस्सा भी शेयर किया था. प्रदीप की कल्याणी से मुलाकात साल 2006 में तेलुगु फिल्म 'स्टालिन' के सेट पर हुई थी. उन्होंने बताया था कि शुरुआत में कल्याणी उन्हें काफी सख्त मिजाज की लगी थीं, पर किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. दोनों के बीच धीरे-धीरे प्यार हो गया. साल 2006 में दोनों ने शादी के बंधन में बंधने का फैसला किया.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से