एंटरटेनमेंट
नेहा धूपिया के शो में एक एक्टर ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. उन्होंने अपनी दिल की बात बताते हुई कहा कि उन्हें सिलाई-कढ़ाई में दिलचस्पी है. 10 साल के सफल एक्टिंग करियर के बाद, क्या वाकई वे सिलाई-कढ़ाई की दुनिया में कदम रखना चाहते हैं? जानें एक्टर के इस शौक के पीछे क्या है वजह..
बॉलीवुड में एक ऐसे भी मशहूर अभिनेता हैं, जो अपनी बेहतरीन अदाकारी और शानदार सेंस ऑफ ह्यूमर के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने 'दंगल' से लेकर 'स्त्री 2' तक अपनी एक अलग पहचान बनाई है. लेकिन हाल ही में सामने आई एक खबर ने उनके फैंस को हैरान कर दिया है. नेहा धूपिया के पॉडकास्ट पर एक्टर ने अपने भविष्य और करियर को लेकर एक ऐसा खुलासा किया है, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. उन्होंने कहा कि वे टेलर बनना चाहते हैं.
हाल ही में अपारशक्ति खुराना अपनी पत्नी आकृति खुराना के साथ नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो 'डबल डेट' के पहले एपिसोड में शामिल हुए. इस बातचीत के दौरान, अपारशक्ति ने अपने फिल्मी करियर और भविष्य की योजनाओं पर खुलकर चर्चा की. अभिनेता ने साझा किया कि वे हमेशा के लिए ग्लैमर की दुनिया में नहीं रहना चाहते. उन्होंने कहा, "मैं अगले 10-12 साल और काम करूंगा, और फिर धीरे-धीरे इस एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को अलविदा कह दूंगा."
जब नेहा धूपिया ने उनसे उनके भविष्य के प्लान के बारे में पूछा, तो अपारशक्ति ने बताया कि उनका मन टेलरिंग सीखने का है. उन्होंने कहा, "मेरा बहुत मन है कि मैं सिलाई-कढ़ाई सीखूं. कपड़ा कैसे काटना है और उसे सिलना कैसे है, मैं इन चीजों को बारीकी से सीखना चाहता हूं."
यह सुनकर कई लोग हैरान हो सकते हैं, लेकिन कपड़ों के प्रति अपारशक्ति का लगाव नया नहीं है. आपको बता दें कि एक्टिंग में आने से पहले, अपारशक्ति मुंबई में बतौर 'स्टाइलिस्ट' काम कर चुके हैं. उस दौरान उन्होंने एक बड़े टीवी चैनल के एंकर्स की स्टाइलिंग संभाली थी. फैशन और कपड़ों के प्रति उनका यह पुराना जुड़ाव ही शायद उन्हें आज इस दिशा में ले जा रहा है.
पॉडकास्ट के दौरान अपारशक्ति ने अपने संघर्ष के दिनों को भी याद किया. उन्होंने बताया कि शादी से पहले, जब वे दिल्ली में रेडियो जॉकी थे या छोटे-मोटे काम कर रहे थे, तब वे डायरेक्टर्स और कास्टिंग डायरेक्टर्स को लगातार ईमेल करते थे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिलता था.
हैरानी की बात तब हुई, जब जिस दिन उनकी शादी हुई, उसी दिन उन्हें उन 3 साल पुराने भेजे गए मैसेजेस के जवाब मिले. उन्हें बतौर होस्ट काम के ऑफर मिलने शुरू हो गए. इसी अनुभव के बाद उन्होंने 'लेडी लक' यानी किस्मत के खेल पर विश्वास करना शुरू किया.
अपारशक्ति खुराना ने साल 2016 में आमिर खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'दंगल' से बॉलीवुड में कदम रखा था. पिछले एक दशक में उन्होंने 'स्त्री', 'लुका छुपी', 'पति पत्नी और वो', 'बद्रीनाथ की दुल्हनिया', 'स्त्री 2' और 'बर्लिन' जैसी फिल्मों के जरिए अपनी एक खास जगह बनाई है.
एक्टिंग के अलावा, अपारशक्ति एक बेहतरीन गायक भी हैं और कई मौकों पर उन्होंने कहा है कि सिंगिंग उन्हें एक्टिंग से ज्यादा सुकून देती है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या वाकई वे एक्टिंग को छोड़कर फैशन की दुनिया में अपना हाथ आजमाते हैं या यह सिर्फ उनके मन की एक रचनात्मक इच्छा है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से