एंटरटेनमेंट
अनिल कपूर जल्द ही धमाकेदार नया गेम शो 'India Ke Top 1%' लेकर आ रहे हैं. इस अनोखे शो में जनरल नॉलेज नहीं बल्कि आपकी लॉजिकल सोच और प्रेजेंस ऑफ माइंड की कड़ी परीक्षा होगी. विजेता को 1 करोड़ रुपये का इनाम भी दिया जाएगा.
बॉलीवुड के सदाबहार और बेहद एनर्जेटिक अभिनेता अनिल कपूर एक बार फिर टीवी पर धमाकेदार वापसी करने वाले हैं. इस बार वह किसी नॉर्मल जनरल नॉलेज वाली क्वीज शो या डांस रियलिटी शो को होस्ट नहीं कर रहे हैं, बल्कि दर्शकों के लिए एक बिल्कुल अलग और रोमांचक गेम शो लेकर आ रहे हैं. इस गेम शो का नाम 'India Ke Top 1%' है. अनुल कपूर के इस नए शो की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें जीतने वाले कंटेस्टेंट को पूरे 1 करोड़ रुपये की प्राइज मनी दी जाएगी. आइए विस्तार से जानते हैं कि अनिल कपूर का यह नया शो बाकी शोज से कैसे अलग है और इसका पूरा फॉर्मेट क्या है.
आम तौर पर टेलीविजन पर आने वाले क्विज़ शो में किताबों के रटे-रटाए ज्ञान, इतिहास या सामान्य ज्ञान (GK) के सवाल पूछे जाते हैं. लेकिन 'India Ke Top 1%' का फॉर्मेट इन सभी से बिलकुल अलग और अनोखा है.
यह नया भारतीय रियलिटी शो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहद सफल और लोकप्रिय रहे फॉर्मेट 'The 1 Percent Club' पर आधारित है. इस विदेशी फॉर्मेट को दुनिया के कई अन्य देशों में भी बहुत पसंद किया गया है. अब इसके भारतीय संस्करण के जरिए देश के सबसे तेज दिमाग और सबसे प्रैक्टिकल सोच वाले व्यक्ति को ढूंढने की कोशिश की जाएगी, जो इस बात को साबित कर सके कि वह देश के शीर्ष एक प्रतिशत बुद्धिमान लोगों में शामिल है.
अनिल कपूर के इस बहुप्रतीक्षित शो के निर्माताओं ने इसके प्रोमो सोशल मीडिया पर जारी कर दिए हैं, जिससे फैंस का उत्साह सातवें आसमान पर है. जानकारी के लिए बता दें कि यह शो आगामी 5 सितंबर से दर्शकों के बीच शुरू हो जाएगा. बात प्रसारण की करें तो आप इसे टीवी पर स्टार प्लस चैनल पर देख सकेंगे. इसके अलावा, डिजिटल प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार पर भी इसकी स्ट्रीमिंग होगी.
यदि आपको लगता है कि आपका दिमाग सामान्य से हटकर चलता है और किसी भी पहेली या मुश्किल स्थिति को सुलझाना आपके बाएं हाथ का खेल है, तो आपके लिए यह एक सुनहरा मौका है. इस शो के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पहले ही शुरू की जा चुकी है. अगर आप अपनी मेंटल एजिलिटी को साबित करना चाहते हैं और 1 करोड़ रुपये जीतने का सपना देख रहे हैं, तो इस शो के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं.