एंटरटेनमेंट
हाल ही में मुंबई में एक भव्य इवेंट के दौरान इस फिल्म का 4 मिनट 10 सेकेंड का ट्रेलर रिलीज किया गया. इसके बाद से ही चर्चा शुरू है कि अक्षय कुमार ने इस मूवी के लिए 1.8 करोड़ रुपये फीस के तौर पर ली है. पूरी सच्चाई क्या है, जानने के लिए पढ़ें ये लेख
बॉलीवुड के 'खिलाड़ी' अक्षय कुमार इन दिनों अपनी आगामी मल्टीस्टारर फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' को लेकर चर्चा में हैं. हाल ही में मुंबई में एक भव्य इवेंट के दौरान इस फिल्म का 4 मिनट 10 सेकेंड का ट्रेलर रिलीज़ किया गया. इस इवेंट में अक्षय कुमार ने न केवल फिल्म के बारे में बात की, बल्कि हाल ही में वायरल हुई अपनी फीस की खबरों पर भी पहली बार खुलकर चुप्पी तोड़ी है.
पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और न्यूज़ पोर्टल्स पर यह चर्चा जोरों पर थी कि अक्षय कुमार ने 'वेलकम टू द जंगल' के लिए मेकर्स से महज 1.8 करोड़ रुपये की फीस ली है. ट्रेलर लॉन्च के दौरान जब अक्षय कुमार से इस बारे में सीधा सवाल पूछा गया, तो उन्होंने इसे सिरे से खारिज कर दिया.
अक्षय कुमार ने बेहद मजाकिया और साफगोई भरे अंदाज़ में जवाब देते हुए कहा, “अगर मैं सच कहूं तो, आपसे जिसने भी ये बात कही है कि मैंने 1.8 करोड़ रुपये लिए हैं, मैंने उतना भी नहीं लिया. मुझे उतना भी नहीं मिला.” हालांकि, ऐसी खबरें भी सामने आई हैं कि अभिनेता ने फीस कम लेने के बजाय फिल्म के प्रॉफिट में हिस्सेदारी (Profit Sharing) का मॉडल चुना है, ताकि फिल्म की कमाई के साथ उनकी आय भी जुड़ी रहे.
अक्षय कुमार ने इस दौरान भावुक होते हुए उन लोगों का जिक्र किया जो उनके करियर और कॉमेडी के सफर में अहम रहे हैं. उन्होंने कहा, "मेरे लिए इस फिल्म में सबसे अहम बात ये है कि इसे दिवंगत नीरज वोरा जी ने लिखा है. इस इंडस्ट्री में मैंने मुख्य रूप से तीन लोगों से बहुत कुछ सीखा है—प्रियदर्शन जी, राजकुमार संतोषी जी और नीरज वोरा जी."
अक्षय ने आगे कहा कि नीरज वोरा के साथ उनका नाता बहुत पुराना है और वो फिल्म के प्रोड्यूसर फिरोज ए नाडियाडवाला को पिछले 36 सालों से जानते हैं. अक्षय ने मज़ाक में यह भी जोड़ा, "मैं उन्हें तब से जानता हूं जब मैं स्ट्रगल किया करता था और आज भी मेरा स्ट्रगल जारी है. उन्हें (फिरोज नाडियाडवाला) इवेंट में लाना भी एक तरह का स्ट्रगल ही था."
अक्षय कुमार के अलावा इस फिल्म में सुनील शेट्टी, रवीना टंडन, दिशा पाटनी, जॉनी लीवर, राजपाल यादव और लारा दत्ता जैसे कई बड़े कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नज़र आएंगे. फिल्म का निर्देशन अहमद खान कर रहे हैं. यह कॉमेडी ड्रामा 26 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से