एंटरटेनमेंट
Salman Khan Bihari Song: फिल्म 'मैंने प्यार किया' के एक गाने ने सलमान खान की किस्मत बदल दी थी. इस गाने को बिहार की शारदा सिन्हा ने महज 56 रुपये में गाया था. यह गाना 1989 में आया था और आज भी ट्रेंड में बना हुआ है.
बॉलीवुड के दबंग सलमान खान ने अपने करियर की शुरुआत जिस फिल्म से की थी, वह आज भी दर्शकों के दिलों में बसी है. 'मैंने प्यार किया' (1989) सलमान के करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुई. इस फिल्म का संगीत भी सुपरहिट रहा, लेकिन इसमें एक ऐसा गीत है जो आज भी लोगों को भावुक कर देता है. खास बात यह है कि इसे शारदा सिन्हा ने गाया था.
बिहार की स्वर कोकिला और मशहूर लोक गायिका शारदा सिन्हा ने अपने जीवन में लोकगीतों की अमूल्य धरोहर को संवारा है. हालांकि, फिल्मों में भी उन्होंने कई यादगार गीत दिए हैं. सलमान खान की डेब्यू फिल्म 'मैंने प्यार किया' के लिए गाया गया उनका यह गीत आज भी बॉलीवुड के 'कल्ट लव सॉन्ग' की सूची में सबसे ऊपर आता है.

दिलचस्प बात यह है कि इस फिल्म से ही शारदा सिन्हा ने बॉलीवुड में अपना पार्श्व गायन डेब्यू किया था. 37 साल का लंबा समय बीत जाने के बाद भी इस गाने की लोकप्रियता कम नहीं हुई है. शारदा सिन्हा की सुरीली आवाज और भोजपुरी के भावुक बोल सीधे दिल को छू लेते हैं. यह गाना फिल्म की कहानी और सलमान खान के किरदार पर बिल्कुल फिट बैठता है.
फिल्म 'मैंने प्यार किया' का बजट करीब 1 करोड़ रुपये था और इसने बॉक्स ऑफिस पर 45 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक कमाई की थी. उस समय सलमान खान को अपनी पहली फिल्म के लिए 30,000 रुपये का मेहनताना मिला था. लेकिन सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस कल्ट गाने को अपनी आवाज देने के लिए शारदा सिन्हा को मात्र 56 रुपये की फीस दी गई थी.
भले ही शारदा सिन्हा ने बॉलीवुड में कुछ चुनिंदा फिल्में ही कीं, लेकिन उन्होंने अपने गायन से एक ऐसी छाप छोड़ी जो युगों तक याद रखी जाएगी. बाद में, उन्होंने 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' के सुपरहिट गाने "तार बिजली से पतले हमारे पिया" को भी अपनी आवाज देकर नई पीढ़ी के बीच लोकप्रियता हासिल की.
सलमान खान की फिल्म 'मैंने प्यार किया' का गाना 'कहे तोसे सजना' बिहार की शारदा सिन्हा ने महज 56 रुपये में गाया था. ये गाना आज भी जब बजता है, तो शारदा सिन्हा की यादें ताजा हो जाती हैं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से