एंटरटेनमेंट
Pragya Bharti | May 10, 2026, 10:13 AM IST
1.Vijay Thalapathy and Trisha Krishnan

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों ने पूरे देश को चौंका दिया है. अभिनेता से नेता बने थलपति विजय की पार्टी तमिलगा वेट्टी कड़गम (TVK) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है. इस ऐतिहासिक जीत के बीच जिस एक नाम की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, वह है साउथ की दिग्गज अभिनेत्री तृषा कृष्णन.
2.विजय के घर पहुंची थी तृषा

4 मई 2026 को तृषा को तिरुपति में दर्शन करने के बाद सीधे चेन्नई में विजय के आवास पर पहुंचते देखा गया. चुनाव परिणामों के रुझानों में TVK की बढ़त के बीच तृषा की इस मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी. सोशल मीडिया पर उनके वीडियो और तस्वीरें तेजी से वायरल होने लगी, जिसमें वे विजय के परिवार के साथ जीत का जश्न मनाती दिखीं.
3.क्या TVK में शामिल होंगी तृषा?

खबरों की मानें तो विजय की पार्टी के वरिष्ठ नेता तृषा को राजनीति में लाने के इच्छुक हैं. विजय ने दो सीटों (पेराम्बुर और तिरुचिरापल्ली ईस्ट) से जीत हासिल की है. नियम के मुताबिक उन्हें एक सीट छोड़नी होगी. कयास लगाए जा रहे हैं कि तिरुचिरापल्ली ईस्ट सीट से होने वाले उपचुनाव में तृषा TVK की उम्मीदवार हो सकती हैं. हालांकि, तृषा ने अब तक आधिकारिक तौर पर राजनीति में आने की पुष्टि नहीं की है.
4.पुरानी दोस्ती और नए कयास

विजय और तृषा की जोड़ी 'घिल्ली' से लेकर 'लियो' तक दर्शकों की पसंदीदा रही है. पिछले कुछ महीनों से दोनों के निजी रिश्तों को लेकर भी कई अफवाहें उड़ती रही हैं, जिन्हें तब और हवा मिली जब विजय की पत्नी संगीता के साथ उनके अनबन की खबरें आईं. हालांकि, दोनों ने कभी भी इन बातों पर सार्वजनिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की है.
5.तृषा कृष्णन कौन हैं?

तृषा कृष्णन भारतीय सिनेमा, विशेष रूप से दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योग की एक बेहद लोकप्रिय और सफल अभिनेत्री हैं. उन्हें अक्सर उनके प्रशंसक 'साउथ की क्वीन' के नाम से भी बुलाते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी और 1999 में 'मिस चेन्नई' का खिताब जीता था. मुख्य अभिनेत्री के रूप में उनकी पहली सफल फिल्म 2002 की तमिल फिल्म 'मौनम पेसियदहे' थी. तृषा ने 'समी', 'घिल्ली' और 'वर्षम' जैसी कई सुपरहिट फिल्में दी हैं.
6.विजय और तृषा का कनेक्शन

विजय की राजनीतिक सफलता में तृषा का साथ केवल एक दोस्ती है या किसी नई पारी की शुरुआत, यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा. लेकिन फिलहाल, 'लियो' की इस जोड़ी ने पर्दे के बाहर भी हलचल मचा रखी है. उनकी जोड़ी थलपति विजय के साथ सबसे ज्यादा पसंद की जाती है. इन दोनों ने 'घिल्ली', 'कुरुवी', 'थिरुपाची' और हाल ही में ब्लॉकबस्टर फिल्म 'लियो' में साथ काम किया है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से