एंटरटेनमेंट
टीवी के कई लोकप्रिय सीरियल्स और फिल्मों का हिस्सा रहीं युवा अभिनेत्री संचिता उगले की लाश उनके घर में मिली है.
मनोरंजन जगत से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. टीवी और फिल्मों का जाना-माना चेहरा रहीं महज 22 साल की अभिनेत्री संचिता उगले अब हमारे बीच नहीं रहीं. संचिता ने मुंबई के वसई इलाके में स्थित अपने घर पर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है. इस अचानक आई खबर से उनके फैंस, परिवार और पूरी इंडस्ट्री गहरे सदमे में है.
अचोले पुलिस के अनुसार, रविवार को वह अपने बेडरूम में छत के पंखे से लटकी हुई मिलीं. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस मामले में एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज की गई है और पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है.
यह दुखद वाकया रविवार (14 जून 2026) शाम का बताया जा रहा है. संचिता मुंबई के वसई में अपने माता-पिता और छोटी बहन के साथ रहती थीं. रविवार की शाम करीब 7:30 बजे, जब उनकी छोटी बहन किसी काम से कुछ देर के लिए घर से बाहर गई थीं, उसी दौरान संचिता ने घर में साड़ी का फंदा बनाकर अपनी जान दे दी. जब बहन वापस लौटी, तो उसने संचिता को मृत पाया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. हालांकि, मौके से कोई सुसाइड नोट मिला है या नहीं, और उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी साफ नहीं हो पाई है. संचिता की मौत की खबर इसलिए भी लोगों को हैरान कर रही है क्योंकि अपनी मौत से कुछ ही घंटे पहले उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक रील शेयर की थी. इस वीडियो में वह बेहद खुश, जिंदादिल और एक गाने की धुन पर झूमती हुई नजर आ रही थीं.
#BREAKING: Actress Sanchita Ugale, 22, was found dead at her residence in Nalasopara East, Maharashtra, in an alleged suicide case. According to Achole Police, she was found hanging from a ceiling fan in her bedroom on June 14. She was rushed to a hospital, where doctors declared… pic.twitter.com/G5Lu6Tus3Z
— IANS (@ians_india) June 15, 2026
संचिता उगले एक्टिंग की दुनिया का एक उभरता हुआ नाम थीं. उन्होंने टीवी के साथ-साथ बड़े पर्दे पर भी अपनी अदाकारी की छाप छोड़ी थी. वह टीवी के सुपरहिट शो 'कुमकुम भाग्य' और 'वागले की दुनिया' जैसे सीरियल्स में अहम किरदारों में नजर आ चुकी थीं. फिल्मों की बात करें तो उन्होंने 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' में 'सुकून' नाम का किरदार निभाया था. इसके अलावा, वह विक्की कौशल की फिल्म 'छावा' का भी हिस्सा थीं, जिसमें उन्होंने ताराबाई का रोल प्ले किया था.
संचिता की मौत के बाद उनका एक पुराना बयान भी चर्चा में आ गया है. साल 2025 में जब मशहूर ऑनलाइन इन्फ्लुएंसर मिशा अग्रवाल ने फॉलोअर्स कम होने और करियर के डर से अपनी जान दी थी, तब संचिता ने इस पर गहरा दुख जताया था. उन्होंने सोशल मीडिया पर मिलने वाले 'वर्चुअल अप्रूवल' और युवाओं में इसके बढ़ते क्रेज को लेकर चिंता जाहिर की थी.
तब संचिता ने कहा था कि यह देखना बेहद दर्दनाक है कि आज की पीढ़ी अपनी जिंदगी को कितनी आसानी से खत्म कर लेती है. लेकिन आज खुद उनकी मौत ने कई अनसुलझे सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है.